सलूंबर में बाईपास हादसे में युवक की मौत के बाद PWD के तीन अधिकारियों के विरुद्ध चार्जशीट जारी

 | 
Action against PWD Engineers in Salumber

Udaipur Times, Salumber News: 8 जून 2026। सलूंबर-खेरवाड़ा स्टेट हाईवे-53 पर धारोद बाईपास के समीप सड़क किनारे पड़े पेड़ से टकराने के कारण हुए सड़क हादसे में एक युवक की मृत्यु के बाद ज़िला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के तीन अधिकारियों के विरुद्ध चार्जशीट जारी की है।

ज़िला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देशन में अतिरिक्त ज़िला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर बैठकर ग्रामीणों एवं परिजनों से संवाद किया तथा उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। प्रशासन की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए ज़िला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने संबंधित विभाग के एईएन, जेईएन एवं एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए चार्जशीट देने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

ज़िला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों में जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News