उदयपुर से CM भजनलाल शर्मा ने शुरू की ₹33 करोड़ की चंदन वन परियोजना
Udaipur Times, CM Bhajanlal Sharma Udaipur Visit: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ता समुद्री जलस्तर, लगातार बढ़ता तापमान, प्रदूषित वायु, दूषित जल और तेजी से घटती जैव विविधता आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे में वृक्षारोपण और वन संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री शनिवार को उदयपुर के दूधतलाई वन परिक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वन मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो वृक्षारोपण और वन संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा।
मुख्यमंत्री ने लगाया चंदन का पौधा
मुख्यमंत्री ने दूधतलाई वन परिक्षेत्र में 33 करोड़ रुपये की लागत की चंदन वन परियोजना का चंदन का पौधारोपण कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका, जैव विविधता संरक्षण तथा हरित अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगी। प्रथम चरण में उदयपुर, सिरोही, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में चार चंदन वन विकसित किए जाएंगे, जो भविष्य में पूरे देश के लिए एक अनुकरणीय पहल बनेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री ने राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता परियोजना के अंतर्गत 13 जिलों के 600 स्वयं सहायता समूहों को कुल 6 करोड़ रुपये की आजीविका प्रोत्साहन राशि का प्रतीकात्मक चैक दिया। इससे पहले उन्होंने चंदन पेड़, वन एवं वन उपज तथा पंच गौरव पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ड्रोन सीडिंग प्रक्रिया का शुभारम्भ किया और वॉच टावर से दूरबीन के जरिए वन क्षेत्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, सांसद मन्नालाल रावत, चुन्नीलाल गरासिया, विधायक श्रीचंद कृपलानी, फूलसिंह मीणा, ताराचन्द जैन, उदयलाल डांगी, शांता अमृतलाल मीणा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं आमजन उपस्थित रहे।
