उदयपुर में DMFT कार्यों में देरी पर कलक्टर नाराज, ग्राम सभा अनुमोदन जल्द पूरा करने के आदेश
Udaipur Times, Udaipur News: डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउण्डेशन ट्रस्ट (DMFT) के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में DMFT की 11वीं एवं 12वीं गवर्निंग काउंसिल में अनुमोदित विभिन्न विकास कार्यों की विभागवार एवं कार्यकारी एजेंसीवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। Udaipur News
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने प्रत्येक विभाग से स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति, वित्तीय एवं भौतिक प्रगति, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियों तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि DMFT के माध्यम से संचालित विकास कार्य आमजन के हितों से सीधे जुड़े हुए हैं, इसलिए इनमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए तय समयसीमा में उन्हें पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। Udaipur News
समीक्षा के दौरान कई कार्यों में संबंधित ग्राम सभाओं का अनुमोदन लंबित पाए जाने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रस्तावों का प्राथमिकता के आधार पर ग्राम सभाओं में अनुमोदन कराकर उसकी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा नहीं रहे। Udaipur News
जिला कलक्टर ने कहा कि जिन कार्यों के निर्माण प्रारंभ करने से पूर्व की सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनकी प्रथम किश्त की राशि बिना विलंब जारी की जाए। वहीं जिन परियोजनाओं में कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संतोषजनक गति से चल रहे हैं, उनके लिए द्वितीय किश्त की मांग तत्काल भेजी जाए, जिससे वित्तीय संसाधनों के अभाव में विकास कार्य प्रभावित न हों।
उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्वीकृत कार्य की सतत निगरानी रखी जाए, प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा बाधा होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए डीएमएफटी के माध्यम से स्वीकृत योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। Udaipur News
बैठक में प्रशिक्षु IAS मणिमाला एन., जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरमाराम, कोषाधिकारी प्रीति वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी खण्ड विकास अधिकारी वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से जुड़े।
