कलेक्टर ने साकरोदा स्थित BPCL गैस प्लांट का किया अवलोकन

गैस मांग-आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा, ‘आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं’ कलेक्टर मेहता
 | 

उदयपुर 12 मार्च 2026। वर्तमान में मध्यपूर्व एशिया में युद्ध की परिस्थितियों के मद्देनज़र उदयपुर ज़िला प्रशासन भी अलर्ट मोड़ है तथा ज़िला कलेक्टर नमित मेहता के नेतृत्व में प्रशासन लगातार गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को ज़िला कलेक्टर नमित मेहता ने साकरोदा स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पारेशन लिमिटेड (BPCL) के LPG गैस प्लांट का दौरा कर गैस की मांग एवं आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गैस प्लांट की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से वितरण प्रणाली, भंडारण क्षमता तथा आपूर्ति प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान BPCL के स्थानीय अधिकारियों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि ज़िले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप संचालित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

कलेक्टर मेहता ने गैस प्लांट परिसर का निरीक्षण करते हुए भंडारण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा सिलेंडर भराई की प्रक्रिया को भी देखा। उन्होंने अधिकारियों से प्लांट में अपनाई जा रही मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि सुरक्षा एवं गुणवत्ता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर कलेक्टर ने आमजन से संबंधित शिकायत निवारण तंत्र की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या आने पर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर ज़िला कलेक्टर मेहता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ज़िले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों या पैनिक की स्थिति में आने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां नियमित रूप से आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बनाए हुए हैं। निरीक्षण के दौरान ज़िला रसद अधिकारी प्रथम एवं प्रशिक्षु सृष्टि डबास, डीएसओ द्वितीय मनीष भटनागर सहित रसद विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

गैस बुकिंग में न्यूनतम 25 दिन का अंतराल आवश्यक

ज़िला रसद अधिकारी ने बताया कि नवीन दिशा-निर्देशों के अंतर्गत घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए गैस बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिवस का अंतराल निर्धारित किया गया है। अतः उपभोक्ता निर्धारित अवधि पूर्ण होने के पश्चात ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

आवश्यक संस्थानों को पूर्ववत आपूर्ति जारी

उन्होंने बताया कि व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को नियंत्रित किया गया है। हालांकि अस्पतालों, छात्रावासों, शिक्षण संस्थानों तथा मिड-डे मील जैसी आवश्यक सेवाओं को पूर्व की भांति गैस आपूर्ति जारी रहेगी, जिससे आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।

ज़िले में गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध

DSO ने बताया कि जिले में वर्तमान में तीनों ऑयल कंपनियों एचपीसीएल, बीपीसीएल एवं आईओसीएल के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

घरेलू गैस सिलेण्डर आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा कालाबाजारी सहित अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देश पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिला स्तर पर कार्यरत कंट्रोल रूम, 0294-2414620 एवं जिला रसद कार्यालय स्तर पर कियाशील कंट्रोल रूम में प्रवर्तन अधिकारी मानसी पण्ड्या-मो. 8003189988, प्रवर्तन निरीक्षक कोमल सिंह सोलंकी - मो. 9929710322, हिमानी सिंह सोलंकी -8233688446, कनिष्ठ सहायक जतिन पण्ड्या - मो. 6376887522 एवं कनिष्ठ सहायक तनुज माली - मो. 9588905084 को गैस सम्बन्धी समस्या होने पर सूचित किया जा सकता है। DSO ने चेतावनी दी कि यदि किसी गैस एजेंसी संचालक अथवा अन्य व्यक्ति द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण, कालाबाजारी या व्यावसायिक उपयोग किया जाता पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

#UdaipurNews #RajasthanNews #LPGSupply #BPCL #NamitaMehta #GasCylinder #UdaipurAdministration #EnergySecurity #LocalNewsUdaipur #RajasthanUpdates
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal