शहर में शांति व सौहार्द कायम रखना सभी का उत्तरदायित्व

 प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रबुद्धजनों की बैठक

 | 
Peace and Harmony in Udaipur - Administrative heads and political leaders come together to meet community leaders

उदयपुर, 16 अगस्त। स्कूली बच्चों में चाकूबाजी की घटना के बाद शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने को लेकर शुक्रवार देर शाम कलक्ट्रेट मिनी सभागार में संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें प्रशासन और पुलिस अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

संभागीय आयुक्त श्री भट्ट ने अवगत कराया कि घायल छात्र की स्थिति नियंत्रण में हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम छात्र के स्वास्थ्य की सतत निगरानी कर रही है तथा जल्द ही उसकी स्थिति खतरे से बाहर होने की उम्मीद है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं तथा फिलहाल शहर में हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में शांति और सौहार्द कायम रखना सभी का उत्तरदायित्व है। प्रशासन और पुलिस की ओर से पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर सभी से सहयोग का आह्वान किया और कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में नजर रखते हुए शहर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने में सहयोग प्रदान करें।

बैठक में DIG राजेंद्र प्रसाद गोयल, जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल, Udaipur SP योगेश गोयल, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, उप महापौर पारस सिंघवी, उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली, समाजसेवी रविन्द्र श्रीमाली, प्रमोद सामर,, चंद्रगुप्त सिंह चौहान सहित कई प्रबुद्धजनों ने विचार व्यक्त किए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News