उदयपुर में मानसून से पूर्व होगी नालों की सफाई
Udaipur Times, Local News: 8 जून 2026। आगामी मानसून सत्र के दौरान संभावित अतिवृष्टि एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक सोमवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा मानसून पूर्व की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने पिछले वर्ष बारिश के दौरान जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में किए गए सुधारात्मक कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि इस वर्ष किसी भी स्थिति में आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कुछ स्थलों पर अपेक्षानुरूप काम नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द एहतियातन कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल प्रवाह मार्गों, नालों, फीडर चैनल एवं जल निकासी तंत्र की शीघ्र सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि वर्षा जल का सुचारू प्रवाह बना रहे। बैठक में संभावित बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी विभागों को पूर्ण तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने नावों, पम्प सेट, रस्सियों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बचाव उपकरणों तथा प्रशिक्षित मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही जिला एवं उपखंड स्तर पर नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखने और आपसी समन्वय को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, मोबाइल मेडिकल टीमों तथा जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने एवं पेयजल स्रोतों के क्लोरीनेशन पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगर निगम एवं स्थानीय निकायों को नालों की सफाई, सड़कों की मरम्मत तथा जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी के निर्देश दिए गए।
बैठक में राज्य सरकार द्वारा जारी मानसून पूर्व दिशा-निर्देशों एवं विभागवार कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन से संबंधित कंटीजेंसी प्लान अद्यतन रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विरमाराम, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
