उदयपुर मे उप सरपंच पदों पर चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

 | 
Udaipur Panchayat Chunav

 

Udaipur Times, Udaipur Panchayat Chunav 2026: उदयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव 2026 के प्रथम चरण की मतदान प्रक्रिया कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। 25 अक्टूबर को उप सरपंच पद के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस ने जिले की 10 पंचायत समितियों में मतदान, मतगणना और उप सरपंच के निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की।

पुलिस के अनुसार, प्रथम चरण में झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भींडर और कुराबड़ पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों के कुल 827 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। इसके बाद 24 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया गया। मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ही की गई, जबकि 25 अक्टूबर को उप सरपंच पद के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए 71 संवेदनशील ग्राम पंचायतों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक हेड कांस्टेबल या कांस्टेबल के साथ एक होमगार्ड की तैनाती की गई। वहीं, ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगाया गया।

मतदान के दौरान निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए 96 पुलिस मोबाइल दल गठित किए गए थे। प्रत्येक दल में एक उप निरीक्षक या सहायक उप निरीक्षक के साथ तीन कांस्टेबल शामिल थे। इसके अतिरिक्त, 40 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पंचायत समिति मुख्यालयों पर रिजर्व पुलिस बल तैनात रखा गया था। जिला और रेंज मुख्यालय पर भी अतिरिक्त बल को अलर्ट मोड पर रखा गया। संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेटिक वायरलेस सेट लगाए गए थे। वहीं, सादा वस्त्रों में तैनात पुलिस टीमों ने भी चुनावी गतिविधियों पर नजर रखी।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों, थानाधिकारियों, होमगार्ड, आरएसी और रिजर्व बल के जवानों सहित प्रशासनिक अमले के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग के लिए ग्रामीण मतदाताओं और आमजन का भी आभार जताया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News