सेवाश्रम से सविना सब्जी मंडी तक अतिक्रमण हटाया
उदयपुर 14 नवंबर 2025 । नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा हैं। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर अतिक्रमण ध्वस्त कर अतिक्रमियों को अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है फिर भी कई लोगों द्वारा अब भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है इस पर निगम द्वारा कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। सोमवार, मंगलवार को हुई कार्यवाही के बाद बुधवार को भी शहर के उप नगरीय क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाया गया।
सेवाश्रम से सवीना सब्जी मंडी तक हुई कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि सेवाश्रम चौराहे से लेकर सविना सब्जी मंडी, रेती स्टैंड तक अतिक्रमण के खिलाफ निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी के नेतृत्व में कार्यवाही को अंजाम दिया गया। बुधवार को कार्यवाही में निगम अतिक्रमण निरोधक दस्ते 9 लोहे के केबिन, 4 ठेला गाड़ी व डिसप्ले बोर्ड जब्त किए गए। इसी के साथ इसी क्षेत्र में सड़क पर कई समय से रखी हुई कबाड़ मारुति 800 गाड़ी व 2 टाटा एस टैंपो को जब्त किया गया। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण को लेकर नगर निगम द्वारा शिथिलता नहीं बरती जाएगी। शहर वासी अपने घरों के बाहर किसी भी तरह से अतिक्रमण नहीं होने दे, साथ ही यदि कहीं कबाड़ वस्तु या गाड़ी, टेंपो पड़े हुए हैं तो नगर निगम द्वारा उसे जप्त किया जाएगा।
शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे कबाड़ वाहन
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहर में कई वाहन सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े किए गए हैं, जो पूरी तरह कबाड़ बन चुके हैं लेकिन वाहन मालिकों द्वारा इनको नहीं हटाया जा रहा है जिससे शहर की सुंदरता भी बिगड़ रही है । शहर वासियों से अपील है कि ऐसे वाहनों को अपने स्तर पर हटाकर निगम को सहयोग करें।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
