उदयपुर रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग से हटाया 10 से 12 फीट तक का अतिक्रमण
Udaipur Times, Encroachment Removed: दीपावली त्योहार के दौरान शहर में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नगर निगम द्वारा सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को रेलवे स्टेशन के सामने कच्ची बस्ती के बाहर मुख्य मार्ग पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नगर निगम दस्ते ने जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण ध्वस्त कर मौके से सामान जब्त किया।
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि दीपावली के दौरान उदयपुर में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखना तथा आमजन को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश स्थल है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री एवं पर्यटक शहर में आते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर अतिक्रमण होने से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि शहर में प्रवेश करते समय पर्यटकों के सामने भी अव्यवस्थित स्थिति दिखाई देती है।
महापौर ने बताया कि स्थानीय पार्षद वैभव भंडारी द्वारा रेलवे स्टेशन के सामने कच्ची बस्ती के बाहर मुख्य मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा लगभग 10 से 12 फीट तक अतिक्रमण किए जाने की जानकारी दी गई थी। इस अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण पाया गया।
महापौर ने मौके पर उपस्थित लोगों से समझाइश करते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की तथा सार्वजनिक मार्ग को आवागमन के लिए खुला रखने की समझाइश की, इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की दिशा में अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई की। महापौर स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते को आवश्यक निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाकर संबंधित सामान जब्त किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम पुलिस निरीक्षक मंगीलाल डांगी, स्थानीय पार्षद वैभव भंडारी, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीना, सूरजपोल पुलिस थाना स्टाफ सहित पुलिस का जाप्ता मौजूद रहा।
लगातार जारी रहेगी कार्यवाही।
महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि दीपावली के दौरान शहरवासियों एवं पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।