आबकारी एमनेस्टी योजना 2025: ब्याज और पेनल्टी माफी का मौका
योजना का लाभ 30 सितंबर 2025 तक
उदयपुर 12 सितंबर 2025। आबकारी विभाग ने पुराने राजस्व बकाया प्रकरणों के शीघ्र निपटान के लिए आबकारी एमनेस्टी योजना 2025 शुरू की है। इस योजना के तहत बकायादारों को मूल बकाया राशि जमा कराने पर शत-प्रतिशत ब्याज और पेनल्टी माफी का लाभ दिया जा रहा है। योजना का लाभ 30 सितंबर 2025 तक लिया जा सकेगा।
आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते ने बताया कि यह योजना उन सभी आबकारी राजस्व बकाया प्रकरणों पर लागू होगी, जिनमें बकाया राशि 31 मार्च 2022 या उससे पूर्व की है। योजना में वे प्रकरण भी शामिल हैं, जिनमें मांग सृजन के आदेश 1 अप्रैल 2022 या उसके बाद जारी किए गए हों, परंतु वे 31 मार्च 2022 की अवधि से संबंधित हों।
आबकारी आयुक्त के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति 31 मार्च 2020 तक के आबकारी राजस्व बकाया का निपटान करता है तो उसे शत-प्रतिशत ब्याज एवं पेनल्टी माफ होगी। वहीं, 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2022 के बकाया प्रकरणों में मूल बकाया राशि जमा कराने पर शत-प्रतिशत पेनल्टी माफ और 50 प्रतिशत ब्याज की छूट दी जाएगी। यह योजना 30 सितंबर 2025 तक प्रभावी रहेगी।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सिंह सांगावत ने बताया कि इस योजना का लाभ लेकर पुराने बकाया का भुगतान कर अनावश्यक संपत्तियों की नीलामी, कुर्की और वादांकन से बचा जा सकता है। योजना के तहत विस्तृत जानकारी और बकाया प्रकरणों के निपटारे के लिए संबंधित अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, जिला आबकारी अधिकारी एवं आबकारी निरीक्षक से संपर्क किया जा सकता है।
#ExciseAmnesty2025 #RajasthanNews #TaxRelief #GovernmentScheme #PenaltyWaiver #ExciseDepartment #RajasthanUpdates #UdaipurTimes
