बड़गांव में 700 मतदाताओं के नाम दर्ज होने की शिकायत भ्रामक: उदयपुर कलेक्टर
उदयपुर 23 अगस्त 2025। गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र के बड़गांव में मतदाता सूची में एक ही मकान नंबर पर 700 से अधिक बोगस मतदाताओं के नाम दर्ज होने की शिकायत ERO स्तर की जांच में भ्रामक पाई गई। उक्त मतदाता UDA के अतिक्रमी हैं, तथा उनका कोई वैध पता नहीं होने के कारण उन्हें नोशनल नंबर आवंटित कर मतदाता सूची में नाम जोड़े गए हैं। उदयपुर कलेक्टर ने उक्त शिकायत की जांच करवाने के बाद यह कहा।
जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि जनसुनवाई में बड़गांव के पंचायत प्रशासक सहित कुछ लोगों ने शिकायत दी थी। इसमें बताया कि बड़गांव की मतदाता सूची में फर्जी नाम दर्ज हैं। एक ही मकान नंबर पर 700 मतदाताओं के नाम अंकित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोगुन्दा के मतदाता रजिस्ट्रीकरण प्राधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी को त्वरित जांच के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि इनमें से अधिकांश लोग आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हैं तथा उदयपुर विकास प्राधिकरण की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कच्चे-पक्के मकान बनाकर रह रहे है। उक्त लोगों का वैध पता नहीं होने से उन्हें नोशनल नंबर आवंटित कर मतदाता सूची में दर्ज किया गया है। मेहता ने बताया कि जांच में मतदाता सूची में फर्जी अथवा बोगस लोगों के नाम जुड़े होने की शिकायत तथ्यात्मक रूप से गलत एवं भ्रामक है। हालांकि एहतियातन विस्तृत जांच कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बड़गांव पंचायत के प्रशासक संजय शर्मा और पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास ने गुरूवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में जिला कलेक्टर नमित मेहता को इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई थी कि गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के बड़गांव पंचायत क्षेत्र में मतदाता सूचियों में बड़ी संख्या में बोगस (फर्जी) मतदाताओं के नाम जुड़े हुए है। एक मकान तो ऐसा भी है जिसमें करीब 700 मतदाताओं के नाम जोड़ रखे है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर नमित मेहता से फिजिकल वेरिफिकेशन करवाकर फर्जी नाम हटाने और संबंधित बीएलओ के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बड़गांव पंचायत के प्रशासक संजय शर्मा और पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास ने कलेक्टर को तथ्यों के साथ बताया कि गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र-149 के भाग संख्या 265, 266, 267, 268, 269, 270, 271 और 272 की मतदाता सूची में कई फर्जी मतदाताओ के नाम अंकित है। बांडीनाल एरिया में भाग संख्या 267 के मकान संख्या 111 में करीब 700 मतदाता के नाम जोड़ रखे है। जबकि ये लोग यहां निवास ही नहीं करते। हाल ही में हुए चुनाव में भी उक्त मतदान केन्द्र भाग संख्या 267 क का मतदान प्रतिशत पूरे जिले में सबसे कम 37.15 प्रतिशत रहा। इससे भी साफ होता है कि फर्जी नाम जुड़े हुए है। मकान नंबर 82 में 300 मतदाता के नाम जोड़ रखे है।
कलेक्टर को यह भी बताया कि गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र 149 के ग्राम पंचायत बड़गाँव के सभी भाग संख्या की मतदाता सूची में कई फर्जी मतदाताओ के नाम अंकित कर दिए गए है। ये लोग यहां निवास ही नहीं करते। सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। ऐसे में फर्जी नाम हटवाने के साथ ही जिम्मेदार बीएलओ के खिलाफ भी भारत निर्वाचन आयोग के कानून अनुसार कार्रवाई की जाए। जनप्रतिनिधियों ने शहर के करीबी पंचायत क्षेत्र में ही इनती बड़ी संख्या में मतदाता सुचियों में इतने बड़े फर्जीवाड़े पर हैरानी भी जतायी थी।
#VoterFraud #BadgaonVoterList #UDAEncroachment #GogundaElection2025 #AIinElections #BLOAccountability