मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन, जिले में 7145 मतदाता बढ़े


मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन, जिले में 7145 मतदाता बढ़े

22443 नए नाम जुड़े, 15298 नाम विलोपित

 
election

उदयपुर 8 फरवरी 2024। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2024 की अर्हता दिनांक के संदर्भ में चलाए गए मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरूवार को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन शैलेश सुराणा ने गुरूवार को जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर तथा प्रेस वार्ता को संबोधित कर मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी।

एडीएम सुराणा ने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया गया था। दावे एवं आपत्तियां के निस्तारण के पश्चात गुरूवार को अंतिम प्रकाशन किया गया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उदयपुर जिले के 8 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 22 हजार 443 नए नाम जोड़े गए। वहीं 15 हजार 298 नाम विलोपित भी किए गए। इस तरह जिले में कुल 7145 मतदाताओं की बढोतरी हुई है। इसमें महिलाओं की संख्या 4050 तथा पुरूषों की संख्या 3095 है। सूचियों से विलोपित किए गए नामों में से 6365 नाम संबंधित मतदाताओं की मृत्यु होने के कारण तथा 6698 नाम अन्यत्र शिफ्ट होने के कारण विलोपित किए गए। वहीं 2235 नाम रिपीट एंट्री के कारण हटाए गए हैं।

एडीएम सुराणा ने बताया कि आगामी लोकसभा आम चुनाव-2024 को लेकर ईवीएम मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग गुलाबबाग के समीप फराशखाना स्थित ईवीएम संग्रहण केंद्र पर प्रारंभ कर दी गई है। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के अधिकृत प्रतिनिधि इस प्रक्रिया का अवलोकन कर सकते हैं। बैठक में भारतीय जनता पार्टी से दीपक बोल्या, शांतिलाल जैन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से डॉ संजीव राजपुरोहित, महेंद्र डामोर, बहुजन समाज पार्टी से प्रदीपकुमार नारवारिया व सुरेश कुमार मेघवाल, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से गेबीलाल डामोर, आम आदमी पार्टी से गणपत तथा बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विधानसभा वार मतदाताओं की संख्या

एडीएम सुराणा ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद अब उदयपुर जिले में कुल 21 लाख 93 हजार 119 मतदाता पंजीयत हैं। इनमें पुरूष 11 लाख 14 हजार 602 तथा महिलाएं 10 लाख 78 हजार 494 हैं। थर्ड जेण्डर श्रेणी में 23 मतदाता पंजीकृत हैं। गोगुन्दा विधानसभा में कुल 2 लाख 66 हजार 290, झाडोल में 2 लाख 75 हजार 277, खेरवाड़ा में 2 लाख 98 हजार 676, उदयपुर ग्रामीण में 2 लाख 87 हजार 444, उदयपुर में 2 लाख 46 हजार 633, मावली में 2 लाख 58 हजार 541, वल्लभनगर में 2 लाख 64 हजार 985 तथा सलूम्बर में 2 लाख 95 हजार 273 मतदाता हैं।

अभी भी जुड़वा सकते हैं नाम

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अब भी मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित रहे पात्र लोग अपना नाम जुड़वा सकते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान का अधिकार प्राप्त करने के लिए 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाता नामांकन तिथि से 10 दिन पूर्व तक बूथ लेवल ऑफिसर के माध्यम से अथवा वोटर हेल्पलाइन एप या एनवीएसपी पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

19 मतदाता केंद्रों पर बनेंगे सहायक मतदान केंद्र

एडीएम सुराणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी लोकसभा आम चुनाव - 2024 के मद्देनजर ऐसे मतदान केंद्र जहां पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 1450 से अधिक हैं, वहां सहायक मतदान केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उदयपुर जिले में ऐसे 19 मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। इसमें सर्वाधिक 8 मतदान केंद्र उदयपुर ग्रामीण विधानसभा में हैं। उदयपुर शहर में 4, गोगुन्दा, मावली व सलूम्बर में 2-2 तथा खेरवाड़ा में 1 मतदान केंद्र चिन्हित किया गया है। इन केंद्रों में सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal