स्वरूप सागर में 4 फ्लोटिंग फाउंटेन लगाएगा नगर निगम

असम के राज्यपाल ने किया 12 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का शुभारंभ 

 | 
nagar nigam
अब ऑक्सीजन की कमी से नहीं मरेगी मछलियां

उदयपुर। असम के महामहिम राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा रविवार को 12 करोड़ की लागत से होने वाले कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, महापौर गोविंद सिंह टाक, उपमहापौर पारस सिंघवी, निर्माण समिति अध्यक्ष ताराचंद जैन, पूर्व सभापति रविंद्र श्रीमाली, क्षेत्रीय पार्षद महेश त्रिवेदी, निगम अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी, अधिशाषी अभियंता शशिबाला सिंह, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

स्वरूप सागर में लगेंगे 4 फ्लोटिंग फाउंटेन

नगर निगम उदयपुर की तरफ से स्वरूप सागर झील में चार फ्लोटिंग फाउंटेन लगवाए जाएंगे। शहर की झीलों को और अधिक सुंदर बनाने के क्रम में नगर निगम द्वारा शहर मध्य स्थित स्वरूप सागर झील में फ्लोटिंग फाउंटेन लगवाने का निर्णय लिया गया है। झील में चार फ्लोटिंग फाउंटेन लगवाए जाएंगे।

नगर निगम निर्माण समिति अध्यक्ष ताराचंद जैन ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण कार्य आरंभ किया जा रहे है। इन कार्यों का शुभारंभ पन्नाधाय दर्शक दीर्घा पर आयोजित कार्यक्रम में असम राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा किया गया। कटारिया ने यहां भूमि पूजन कर पिछोला से गोवर्धन सागर आने वाली लिंक चैनल को सुधारने का कार्य शुभारंभ किया। 

उपमहापौर पारस सिंघवी ने बताया कि प्रतिवर्ष वर्षा काल में पिछोला से गोवर्धन सागर लिंग चैनल के माध्यम से पानी भरने के दौरान कई तरह की समस्या होती है। यह चैनल कच्चा होने के कारण हर बार धस जाता है एवं कचरा भरने के कारण बंद सा हो जाता है। इस समस्या के निराकरण हेतु पिछोला झील से गोवर्धन सागर तक पक्की लिंक चैनल का निर्माण करवाया जा रहा है। यह चैनल नीचे से 10 फीट चौड़ा एवं ऊपरी सतह से 20 फीट चौड़ा होगा। चैनल लगभग 14 फीट गहरा होगा और इसकी लंबाई गोवर्धन सागर से पिछोला तक लगभग 600 मीटर है। यह कार्य अगले महीने में संपूर्ण किया जाएगा।

पिछोला झील एवं स्वरूप सागर के पास लगेंगी सीमेंट टाइल्स

निर्माण समिति अध्यक्ष ताराचंद जैन ने बताया कि नई पुलिया स्वरूप सागर से पिछोला झील तक सड़क के दोनों तरफ सीमेंट टाइल्स लगाकर पूरे मार्ग को निखारा जाएगा। पर्यटक यहां पर अधिकांश पैदल घूमना पसंद करते हैं। इस कारण स्वरूप सागर से पिछोला झील तक टाइल्स लगाने का कार्य नगर निगम द्वारा संपादित करवाया जा रहा है। 

ऑक्सीजन की कमी से नहीं मरेगी मछलियां

नगर निगम द्वारा गोवर्धन सागर, रंग सागर कुम्हारिया तालाब के पेंदे से 1 मीटर ऊपर पाइप के माध्यम से ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस हेतु गोवर्धन सागर पर एक एवं रंग सागर एवं उमरिया तालाब के मध्य एक पंप हाउस का निर्माण करवाया जाएगा। पंप हाउस से पाइप की सहायता से इन झीलों में ऑक्सीजन की सप्लाई की जाएगी जिससे झीलों में जलीय घास एवं काई नहीं फैलेगी। साथ ही मछलियों को भी ऑक्सीजन प्राप्त होगी। 

झीलों को साफ रखना हमारा कर्तव्य - कटारिया

12 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए असम राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने उपस्थित शहरवासियों का आव्हान करते हुए कहा कि उदयपुर की झीलें विश्व में अपना अलग स्थान रखती है। इसको सुंदर बनाने में किसी भी प्रकार की कोई भी कमी नहीं रखनी है। यहां पर्यटक इन झीलों को निहारने ही आते हैं जिले हैं तो उदयपुर है। झीले उदयपुर शहर की पर्याय है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News