15 मई से नगरनिगम कंटेंटमेंट एरिया में आने पर होगी सख्ती

बाहर से आने वाले हर व्यक्ति को करेंगे क्वारेंटाईन
 | 
क्वारेनटाइन के लिए 703 कमरें चिन्हित

उदयपुर, 13 मई 2020। उदयपुर नगरनिगम क्षेत्र में घोषित कंटेंटमेंट एरिया में आगामी 15 मई से बाहर से आने वाले व्यक्ति प्रवेश नहीं कर पाएंगे, उनके प्रवेश करने पर सख्ती बरती जाएगी और जो भी व्यक्ति इस दौरान शहर के कंटेंटमेंट एरिया में प्रवेश करेगा उसे आगामी 14 दिनों के लिए अलग से क्वारेंटाईन किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ओ.पी. बुनकर ने बताया कि कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने की दृष्टि से जिला प्रशासन द्वारा संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र को कंटेंटमेंट एरिया घोषित कर रखा है ऐसे में कोई भी बाहरी व्यक्ति 15 मई से इसमें प्रवेश नहीं कर पाएगा। यदि कोई व्यक्ति बाहर से आएगा तो उसे प्रशासन द्वारा चिह्नित करते हुए शहर के बाहर स्थित सिंघानिया अथवा पेसिफिक विश्वविद्यालय में आगामी 14 दिनों के लिए संस्थागत क्वारेंटाईन में रखा जाएगा। 

उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति संस्थागत क्वारेंटाईन में रहने का ईच्छुक नहीं होगा और किसी होटल में रहना चाहेगा तो उसे स्वयं के खर्चे पर जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित विभिन्न होटलों में क्वारेंटाईन होना होगा।

क्वारेनटाइन के लिए 703 कमरें चिन्हित

जिले से बाहर व राजस्थान से बाहर अन्य राज्यों से आने वाले व्यक्तियों को क्वारेनटाइन करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आदेशानुसार इन नागरिकों के क्वारेनटाइन अवधि में सशुल्क आवास, भोजन आदि हेतु शहर के एक राजकीय विद्यालय (ढिकली मॉडल रेजिडेन्शियल स्कूल) व शहर की 9 होटल्स के कुल 703 कमरें चिह्नित किए गए हैं तथा आदेश दिए हैं कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न श्रेणियों के लिए निर्धारित दरों पर होटल में क्वारेनटाइन के रूप में रहने वाले नागरिकों द्वारा इसका भुगतान किया जाएगा। इस सम्पूर्ण व्यवस्था का प्रभारी पर्यटन उपनिदेशक सुश्री शिखा सक्सेना को नियुक्त किया गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News