उदयपुर 7 जून 2025। नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण कर लगाए गए गेट को हटाकर निगम स्वामित्व का बोर्ड स्थापित किया है। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि कुछ समय पहले नागरवाडी लीला पैलेस हॉटल के पीछे घाट की तरफ जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमी द्वारा गेट लगाकर रास्ता बन्द कर दिया था।
संज्ञान में आने पर नगर निगम द्वारा नियम अनुसार नोटिस दिए गए, लेकिन अतिक्रमि द्वारा एक भी बार नोटिस का जवाब नहीं दिया, नहीं अपनी स्वामित्व के कोई भी दस्तावेज नगर निगम कार्यालय में प्रस्तुत किए। जिस पर राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 245 अर्न्तगत कार्रवाई करते हुए गेट को हटाकर नगर निगम का बोर्ड लगाया गया है।
राजस्व अधिकारी ने किया मौका निरीक्षण, नियमानुसार दिए नोटिस
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि नागरवाडी लीला पैलेस हॉटल के पीछे घाट की तरफ जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर साइटेक्स होटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के राकेश काबरा द्वारा गेट लगाकर रास्ता बन्द कर दिया था। जिस पर निगम राजस्व अधिकारी द्वारा मौका निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई, राजस्व अधिकारी भटनागर ने नियम अनुसार नोटिस भी जारी किए लेकिन नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया। इस कारण निगम आयुक्त राम प्रकाश के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक विजय जैन, मोहित अग्निहोत्री एवं राहुल मीणा द्वारा मौके पर जाकर अतिक्रमण कर लगाए गए गेट को हटवा नगर निगम का बोर्ड लगाया।
आयुक्त की अपील
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि शहरवासी किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कोई भी स्थाई या अस्थाई अतिक्रमण नहीं करें, साथ ही शहर में यदि कहीं पर भी अतिक्रमण होते पाया जाता है तो उसकी सूचना नगर निगम में दें। निगम द्वारा तुरंत कार्रवाई कर अतिक्रमण को हटाया जाएगा। शहर की सुंदरता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में शहर वासियों का सहयोग अपेक्षित है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal