प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने किया MB हॉस्पिटल का निरीक्षण

चिकित्सा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
 | 

उदयपुर, 3 अप्रैल। राजस्थान सरकार की प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा) श्रीमती गायत्री राठौड़ ने शुक्रवार को RNT मेडिकल कॉलेज उदयपुर से संबद्ध महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपातकालीन इकाई, गहन चिकित्सा इकाई तथा विभिन्न वार्डों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं, आउटडोर एवं भर्ती मरीजों की संख्या तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। प्रमुख शासन सचिव ने राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में संचालित पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स के संबंध में भी जानकारी ली और भविष्य में पीजी सीटों में वृद्धि करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय एवं जनाना चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जनाना अस्पताल का कार्य शीघ्र ही प्रारम्भ किया जाएगा, जिससे महिला मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में चल रहे नव निर्माण कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रधानाचार्य एवं अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण हो सके। 

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन, अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन, नर्सिंग अधीक्षक जितेन्द्र भटनागर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नर्सिंग यूनियन के अध्यक्ष प्रवीण चरपोटा एवं सतवीर सिंह ने नर्सिंग अधिकारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रमुख शासन सचिव को ज्ञापन सौंपा, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

#Udaipur #RajasthanNews #UdaipurNews #MBHospital #RNTMedicalCollege #HealthcareIndia #PublicHealth #MedicalEducation #HospitalInspection #RajasthanGovernment #HealthReforms #UdaipurUpdates #RajasthanHealthcare

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal