geetanjali-udaipurtimes

गोवर्धन विलास आश्रय स्थल का किया औचक निरीक्षण

व्यवस्था यथावत रखने के दिए निर्देश
 | 

उदयपुर 22 नवंबर 2025। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने देर रात निगम द्वारा संचालित आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर वर्तमान समय में उपलब्ध सुविधाओं को यथावत रखने के निर्देश दिए।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि देर रात्रि शहर में संचालित हो रहे आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया गया। शहर में नगर निगम द्वारा आश्रय स्थल पर श्रमिकों सहित सभी जरूरतमंद लोगों हेतु रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध होती है, इन्हीं व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। 

निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं स्तरीय पाई गई ओर जिसमें सुधार की जरूरत है उसमें सुधार हेतु निर्देश जारी किए गए है। स्थल पर आयुक्त ने पीने हेतु पानी के कैम्पर, टीवी, कंबल, बिस्तर सहित सभी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर यथा स्थिति रखने के निर्देश दिए ।

जरूरतमंद से ली जानकारी

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा देर रात्रि आश्रय स्थल के किए गए निरीक्षण पर वहां विश्राम कर रहे श्रमिकों से उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। जानकारी में आयुक्त ने रहने पर कोई शुल्क तो नहीं लिया जा रहा है साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं के बारे में भी पूछताछ की।

बिस्तर पर कवर चढ़ाने के दिए निर्देश

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा आश्रय स्थल का निरीक्षण करने के दौरान उन्हें वहां बिछाए गए बिस्तर एवं तकिए पर कवर नहीं मिला, जिस पर संचालक को बिस्तर पर कवर लगाने के निर्देश दिए, साथ ही समय-समय पर कवर एवं बिस्तर को साफ करने के निर्देश भी दिए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट कहा है कि सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अतिरिक्त बिस्तर उपलब्ध हो स्थल पर, व्यवस्था यथावत रहे

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने आश्रय स्थल का संचालन करने वाली संस्था को सर्दी के समय स्थल पर बिस्तर एवं कंबल की अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए जिससे रात्रि में किसी भी तरह से कोई समस्या ना हो। आयुक्त खन्ना ने रिकार्ड सहित उपलब्ध सभी सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर 

स्थिति को यथावत बनाने के निर्देश दिए

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि शहर वासी अपने आसपास फुटपाथ पर रहने वाले श्रमिक या अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को अपने नजदीकी आश्रय स्थल के बारे में जानकारी देवे जिससे नगर निगम द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही व्यवस्थाओं का लाभ उन्हें मिल सके। वर्तमान में रात्रि को सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है ऐसे में कोई भी व्यक्ति शहर में रात्रि को फुटपाथ पर नहीं सोए इसको लेकर निगम द्वारा कवायद जनजागरण की अपील शुरू की है। 

7 स्थानों पर संचालित है आश्रय स्थल

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहर में 7 स्थानों पर श्रमिकों एवं जरूरतमंदों हेतु आश्रय स्थल का संचालन किया जा रहा है। आश्रय स्थल गुरु गोविंद सिंह स्कूल, चेतक सर्कल पहाड़ी बस स्टैंड, सज्जन नगर मल्लाह तलाई, प्रताप नगर, उदिया पोल, गोवर्धनविलास चुंगी नाका, रेती स्टैंड क्षेत्र में संचालित किए जा रहे हैं।