उदयपुर के गुलाबबाग में सावन मेले से पहले विवाद, गेट पर ताला लगने से भड़के दुकानदार

 | 
Udaipur Gulab Baag Dispute

 

 

Udaipur Times, Udaipur News: शहर के ऐतिहासिक गुलाबबाग में सावन के पारंपरिक मेले के आयोजन से पहले ही विवाद खड़ा हो गया। नगर निगम प्रशासन ने मेले की तैयारियों के बीच गुलाबबाग में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाते हुए मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद दुकानदारों की गाड़ियों की एंट्री को लेकर प्रशासन और व्यापारियों के बीच तीखी बहस हो गई।

जानकारी के अनुसार पूरा घटनाक्रम शनिवार सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ। नगर निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी ने गुलाबबाग के मुख्य द्वार पर ताला लगवा दिया। इस दौरान कई व्यापारी और दुकानदार अपना सामान लेकर पार्क के अंदर दुकानें सजाने पहुंचे थे।

नगर निगम की टीम ने मुख्य द्वार पर होमगार्ड तैनात कर दिए और दुकानदारों तथा उनके वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया। बिना पूर्व सूचना के अचानक गेट बंद किए जाने से दुकानदारों में नाराजगी फैल गई। मौके पर ही व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी।

सावन मेले को लेकर फैली अफवाह से बढ़ा विवाद

दुकानदारों और स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी फैल गई कि इस बार सावन का पारंपरिक मेला आयोजित नहीं किया जा रहा है। वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़ी इस जानकारी से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया।

विवाद बढ़ने के बाद जनप्रतिनिधियों को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। व्यापारियों ने प्रशासन से पहले से सूचना दिए बिना गेट बंद करने और दुकानदारों के वाहनों को अंदर जाने से रोकने पर नाराजगी जताई।

मामले को लेकर व्यापारियों और नगर निगम प्रशासन के बीच बातचीत के प्रयास जारी हैं। मेले के आयोजन और दुकानदारों की व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से आगे क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News