75 दिन में e-Challan नहीं भरा तो RC-DL पर लगेगी रोक, RTO की सेवाएं होंगी बंद
Udaipur Times, Traffic Challan Guideline: यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए e-Challan की व्यवस्था अब सख्त कर दी गई है। कैमरों या इलेक्ट्रॉनिक निगरानी से चालान कटने पर वाहन मालिक को निर्धारित समय सीमा में जुर्माना भरना होगा। ऐसा नहीं करने पर वाहन की RC (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) से जुड़ी RTO सेवाएं रोक दी जाएंगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में किए गए संशोधन के तहत चालान जारी करने, भुगतान करने, शिकायत दर्ज कराने और बकाया चालान पर कार्रवाई की समय सीमा निर्धारित की गई है।
3 दिन में डिजिटल, 15 दिन में डाक से नोटिस
कैमरे या इलेक्ट्रॉनिक निगरानी से पकड़े गए यातायात उल्लंघन का चालान वाहन के पंजीकृत मालिक के नाम जारी होगा। इसकी सूचना तीन दिन के भीतर एसएमएस, ईमेल या अन्य अधिकृत डिजिटल माध्यम से भेजनी होगी। वहीं डाक से नोटिस भेजने के लिए 15 दिन की समय सीमा निर्धारित की गई है।
45 दिन में भुगतान या शिकायत
चालान जारी होने की तारीख से 45 दिन के भीतर वाहन मालिक को जुर्माना भरना होगा या पोर्टल पर दस्तावेजी सबूतों के साथ शिकायत दर्ज करानी होगी। तय समय में कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराने पर चालान स्वतः स्वीकार माना जाएगा। इसके बाद भुगतान के लिए 30 दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा। इस तरह चालान निपटाने के लिए कुल 75 दिन की समय सीमा होगी।
बकाया रहने पर आरसी-डीएल से जुड़ी सेवाएं बंद
निर्धारित समय में चालान का भुगतान नहीं करने पर वाहन और लाइसेंस को पोर्टल पर 'नॉट टू बी ट्रांजैक्टेड' श्रेणी में दर्ज किया जाएगा। जब तक चालान का निपटारा नहीं होगा, संबंधित वाहन की आरसी और चालक के डीएल से जुड़ी आरटीओ सेवाओं के आवेदन संसाधित नहीं किए जाएंगे। बकाया चालान की समय सीमा समाप्त होने से पहले वाहन मालिक को लगातार रिमाइंडर भी भेजे जाएंगे।
कैमरों में दर्ज होंगे यातायात उल्लंघन
इलेक्ट्रॉनिक निगरानी व्यवस्था के तहत तेज गति से वाहन चलाना, रेड लाइट पार करना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाना सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन कैमरों के जरिए रिकॉर्ड किए जाएंगे। इसके आधार पर ई-चालान जारी कर वाहन मालिक को सूचना भेजी जाएगी।