Udaipur Times, Udaipur News: झीलों की नगरी उदयपुर में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और सुगम अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए आज एक महत्वपूर्ण शुरुआत की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने आज 16 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि के पावन पर्व के शुभ अवसर पर सुबह 10:30 बजे शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फतहसागर पाल पर नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त पर्यटक बूथ का शुभारंभ किया।

पुलिस जाब्ता रहेगा तैनात, मिलेगी हर जानकारी
इस नए हाईटेक पर्यटक बूथ पर अनुभवी और व्यवहारकुशल पर्यटक पुलिस का जाब्ता हर समय तैनात रहेगा। यहाँ आने वाले पर्यटकों को उदयपुर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों के बारे में सटीक जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही, किसी पर्यटक को कोई समस्या या परेशानी होती है, तो उसे मौके पर ही त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।
शहर में 7 पर्यटक बूथ और 24 पेट्रोलिंग टीमें मुस्तैद
उदयपुर पुलिस प्रशासन पर्यटकों के सुरक्षित माहौल को लेकर पूरी तरह गंभीर है। वर्तमान में पर्यटन पुलिस थाने के अंतर्गत शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे सहेलियों की बाड़ी, फतेहसागर मोती मगरी गेट, सुखाड़िया सर्कल, गुलाब बाग, दूधतलाई, रानी रोड और मुख्य फतहसागर पाल सहित कुल 07 पर्यटक बूथ पूरी तरह सक्रिय हैं। इन सभी पॉइंट्स पर पुलिस बल तैनात रहता है।
इसके अतिरिक्त, पर्यटकों की सुरक्षा की निरंतर निगरानी के लिए 24 पर्यटक पैट्रोलिंग टीमें लगातार शहर के सभी प्रमुख स्थलों पर गश्त (पेट्रोलिंग) कर रही हैं, ताकि सैलानियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उद्घाटन समारोह के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के साथ उमेश ओझा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), राजेश यादव पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त नगर पश्चिम) और छवि शर्मा पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त नगर पूर्व) विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही शहर के थानों के थानाधिकारी और पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।