देवास प्रोजेक्ट के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश
कलक्टर ने किया मानसी वाकल और देवास परियोजना का निरीक्षण
उदयपुर 10 अप्रैल 2026। ज़िला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर सहित जिले के प्रमुख वाटर प्रोजेक्ट मानसी वाकल और देवास का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी दिनों में गर्मी बढ़ने के मद्देनजर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही देवास तृतीय व चतुर्थ चरण के कार्यों को समयबद्ध ढंग से गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।
ज़िला कलक्टर अग्रवाल शुक्रवार शाम जल संसाधन विभाग तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ शुक्रवार करीब 5.30 बजे मानसी वाकल पहुंचे। वहां उन्होंने मानसी वाकल टनल का अवलोकन करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने आगामी दिनों में पेयजल मांग में संभावित बढ़ोतरी तथा उपलब्धता के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट नहीं होना चाहिए और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने अधिकारियों को जल स्रोतों की नियमित मॉनिटरिंग करने, टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर अकोदड़ा बांध पहुंच कर बांध, गेट, टनल आदि का निरीक्षण किया। पिछोला में जल अपवर्तन की पूरी प्रक्रिया समझी। उन्होंने ग्रेविटी से पानी पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए प्रोजेक्ट की सराहना की। इसके बाद देवास तृतीय एवं चतुर्थ चरण के तहत प्रस्तावित टनल स्थल पर भी पहुंचे तथा प्रारंभिक चरण के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने देवास को महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताते हुए इसके कार्यों को समयबद्ध और पूर्ण गुणवत्ता के साथ कराने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता रविन्द्र चौधरी, अधिशासी अभियंता सृष्टि मेनारिया, नवीन शर्मा, जल संसाधन से अधिशासी अभियंता बीरबल डूडी व मोहित पाटीदार, झाड़ोल तहसीलदार सीताराम बॉलीवाल, बीडीओ जितेन्द्र राजावत सहित विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #WaterSupply #WaterManagement #DewasProject #MansiWakal #Infrastructure #Summer2026 #PublicAdministration #LocalGovernance #UdaipurUpdates #SmartCityUdaipur
