उदयपुर में सड़क पर उचित ढलान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

मकानों के बाहर रैंप हटाकर करें कार्य
 | 
UMC

 

Udaipur Times, Udaipur News: 27 जून 2026। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शुक्रवार को शहर में एन्केप परियोजना के अंतर्गत संचालित सीमेंट पेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों का विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निगम के अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता अखिल गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने रामपुरा चौराहा, सीपीएस स्कूल, न्यू भूपालपुरा, 100 फीट रोड, सेक्टर-3 बीएसएनएल कार्यालय तथा एफसीआई गोदाम क्षेत्र में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की गहन जांच की। उन्होंने पाया कि पूर्व में स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद कुछ स्थानों पर सीमेंट पेवर ब्लॉकों का ढलान नालियों की ओर नहीं रखा गया, जिससे वर्षा के दौरान पानी सड़क पर ही जमा होने की संभावना बनी रहती है।

इस लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने संबंधित कार्यकारी एजेंसी का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए तथा जहां भी तकनीकी त्रुटियां पाई गईं, वहां कार्य को दोबारा निर्धारित मानकों के अनुरूप करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मकानों के बाहर रैंप हटाकर करें कार्य

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि मकानों एवं दुकानों के बाहर बनाए गए अवैध अथवा अस्थायी रैम्प हटाकर ही सीमेंट पेवर ब्लॉक लगाए जाएं, ताकि सड़क का ढलान व्यवस्थित रहे और वर्षा का पानी सीधे नालियों में प्रवाहित हो सके। उन्होंने कहा कि सड़क पर पानी जमा होने से डामर सड़कें बार-बार क्षतिग्रस्त होती हैं, जिससे निगम को अनावश्यक आर्थिक भार एवं आमजन की शिकायतों का सामना करना पड़ता है।

करनी होगी नियमित मॉनिटरिंग

शुक्रवार को निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान खामियां मिली जिस पर अधिकारियों को नियमित निगरानी रखते हुए सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं तकनीकी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News