उदयपुर मे बिजली के खंभों के पास पेड़ों की छंगाई और झूलते तारों को लेकर कार्रवाई के निर्देश
Udaipur Times, Udaipur News: शहर में बिजली के खंभों के पास पेड़ों की टहनियों की छंगाई, झूलते विद्युत तारों और अव्यवस्थित विद्युत पोलों की समस्या के समाधान को लेकर गुरुवार को नगर निगम मिनी बैठक हॉल में महापौर पारस सिंघवी एवं आयुक्त अभिषेक खन्ना ने आरएसईबी अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में महापौर ने संबंधित अधिकारियों को जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी समस्याओं पर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि शहर के कई पार्षदों द्वारा अपने-अपने वार्डों में बिजली के खंभों के आसपास पेड़ों की टहनियां फैलने और विद्युत तारों के संपर्क में आने की आशंका को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं। इस संबंध में आरएसईबी अधिकारियों को पत्र लिखकर एवं मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है। ऐसी स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसे गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई आरंभ करनी होगी।
बैठक में शहर की सुंदरता बनाए रखने के साथ विद्युत खंभों पर अव्यवस्थित रूप से लटक रहे तारों को व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि शहर के स्मार्ट सिटी क्षेत्रों सहित पुराने शहर की तंग गलियों में कई स्थानों पर विद्युत तार नीचे तक झूल रहे हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा प्रभावित होने के साथ शहर की सुंदरता भी खराब हो रही है। विद्युत पोलों पर निजी व्यक्तियों द्वारा डाले गए अनधिकृत तारों के संबंध में भी विभाग आवश्यक कार्रवाई करे। महापौर ने उदियापोल क्षेत्र में खुले पड़े हाई पावर विद्युत तारों की समस्या से अवगत करते हुए तत्काल निरीक्षण और मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़ी ऐसी समस्याओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें।
आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं का जवाब देना होता है। ऐसे में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। विद्युत विभाग को नगर निगम के साथ सहयोग करते हुए कार्यों में तेजी लानी चाहिए, विशेषकर शटडाउन के दौरान आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर करीब 600 विद्युत पोल अव्यवस्थित रूप से पड़े हुए हैं, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इन पोलों को व्यवस्थित करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में तय किया गया कि शटडाउन के बाद पेड़ों की छंगाई का कार्य होने पर नगर निगम को पूर्व सूचना दी जाएगी जिससे निगम की टीम कटे हुए पेड़ों की टहनियों को समय पर हटा सके, साथ ही विद्युत विभाग द्वारा छंगाई के लिए नियुक्त ठेकेदारों के संपर्क नंबर नगर निगम अधिकारियों के साथ साझा किए जाएंगे, जिससे पार्षद संबंधित ठेकेदारों से सीधे संपर्क कर अपने वार्डों में आवश्यक कार्य करवा सकें।
बैठक में नगर निगम अधिशासी अभियंता रितेश पाटीदार, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, आरएसईबी अधीक्षण अभियंता के.आर.मीणा, अधिशासी अभियंता संदीप कोठारी, अनिल धींग सहित विभिन्न खंडों के अधिकारी उपस्थित रहे।