वैभव गहलोत द्वारा उदयपुर में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के स्थल का मौका निरीक्षण
यूआईटी ने आरसीए को राजस्व ग्राम खेड़ा कानपुर में पट्टा जारी किया था
उदयपुर 8 फ़रवरी 2022। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव गहलोत द्वारा उदयपुर में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के स्थल का मौका निरीक्षण किया गया। नगर विकास प्रन्यास, उदयपुर द्वारा उदयपुर शहर में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम हेतु राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को जुलाई, 2021 में राजस्व ग्राम खेड़ा कानपुर में 10.6000 हैक्टैयर भूमि का आवंटन/पट्टा जारी किया गया था।
यह उल्लेखनीय है कि इस स्थापित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट के खेल एवं उससे संबंधित अन्य गतिविधियों का विकास करना है जिसमें क्रिकेट स्टेडियम, पवेलियन, वी.आई.पी. बॉक्स, कमेण्ट्रेटर रूम, अम्पायर रूम, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाऊस, क्रिकेट ऐकेडमी, स्पोर्ट्स क्लब इत्यादि आवश्यक संरचनाओं का निर्माण करना सम्मिलित है।
वैभव गहलोत द्वारा मौके पर वर्तमान में चल रहे लेवलिंग के कार्य का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश प्रदान किये गये। मौका निरीक्षण के दौरान यूआईटी सचिव अरूण कुमार हसीजा, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महेन्द्र शर्मा, यूआईटी के अधीक्षण अभियंता अनित माथुर, हितेश सुखवाल भी उपस्थित थे।
