उदयपुर में निवेश को मिलेगी रफ्तार, राइजिंग राजस्थान में 3.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों की समीक्षा

 | 
Rising Rajasthan

 

Udaipur Times, Rising Rajasthan Udaipur: राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत उदयपुर जिले में हुए निवेश प्रस्तावों को शीघ्र धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार MoU की प्रगति का विस्तृत आंकलन करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और निवेश परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एवं नोडल अधिकारी हितेष जोशी ने अगवत कराया कि राइजिंग राजस्थान समिट के दौरान उदयपुर जिले के लिए 1035 MoU हुए थे, जिनके माध्यम से 3 लाख 25 हजार 513 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ। इनमें से अब तक 65 हजार 208 करोड़ रुपये के 212 MoU की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है, जो जिले में निवेश को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

जिला कलक्टर अग्रवाल ने विभागवार लंबित निवेश प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन MoU संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनके प्रस्तावकों से व्यक्तिगत स्तर पर संवाद स्थापित कर परियोजनाओं को शीघ्र शुरू कराया जाए। उन्होंने NOC एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण लंबित मामलों के लिए स्पष्ट टाइमफ्रेम निर्धारित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

साथ ही उन्होंने कहा कि जिन MoU में निवेशकों की रुचि समाप्त हो चुकी है अथवा किसी भी कारण से उनकी क्रियान्विति संभव नहीं है, ऐसे प्रस्तावों को नियमानुसार निरस्त करने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जाए, ताकि वास्तविक एवं व्यवहारिक निवेश प्रस्तावों पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके।

बैठक में उपनिदेशक स्वायत्त शासन विनोद कुमार, उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News