देहलीगेट और कलेक्ट्रेट पर लाठी चार्ज, दो पुलिसकर्मी समेत 10 से 15 घायल

NRC/CAA के विरोध में भारत बंद के दौरान उदयपुर में माहौल हुआ उग्र 
 | 
शहर में आज NRC/CAA के विरोध में भारत बंद के दौरान उदयपुर में दुकानें बंद करवाने पर पुलिस व प्रदर्शनकारियों में हुई झड़प  में दो पुलिसकर्मियों सहित 10 -15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दो स्थानों देहलीगेट और कलेक्ट्रेट पर लाठीचार्ज किया।

उदयपुर 29 जनवरी 2020।  शहर में आज NRC/CAA के विरोध में भारत बंद के दौरान उदयपुर में दुकानें बंद करवाने पर पुलिस व प्रदर्शनकारियों में हुई झड़प में दो पुलिसकर्मियों सहित 10 -15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दो स्थानों देहलीगेट और कलेक्ट्रेट पर लाठीचार्ज किया।

लाठीचार्ज में 10-12 लोग घायल हो गए। प्रदर्शन के कारण शहर में करीब दो घंटे तक अराजकता की स्थिति बनी रही। लाठीचार्ज के कारण राहगीरों को भी पुलिस का निशाना बनना पड़ा। 

नागरिकता संशोधन कानून  (CAA) के खिलाफ बहुजन क्रांति मोर्चा व विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बुधवार को भारत बंद का आह्वान किया था । इसी के तहत उदयपुर में बंद समर्थक टाउनहॉल पर एकत्र हो गए। जहाँ प्रदर्शनकारियो ने केंद्र सरकार के खिलाफ व सीएए के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद ये जुलूस के रूप में बापूबाजार होते हुए दिल्ली गेट पर पहुंच गए। 

देहलीगेट पर दुकानदार व बंद समर्थकों में झड़प हो गई। पुलिस ने बीच-बचाव किया तो बंद समर्थक पुलिस से उलझ गए तथा नारे लगाने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इस पर भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कई लोगों को चोटें आईं।

 दिल्ली गेट से बंद समर्थक अश्विनी बाजार, हाथीपोल, चेतक सर्कल होते हुए कोर्ट चौराहे पर पहुंचे जहाँ पर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठियां चलाईं जिसमें कई लोग घायल हो गए। कई घायलों को पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। 

कलेक्ट्रेट पर लाठी चार्ज के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को देहली गेट अश्विनी बाज़ार की तरफ खदेड़ दिया जहाँ पर एक सेनेट्री वेयर की दुकान का कांच पत्थर मारकर तोड़ दिया। घटना में दो पुलिसकर्मी समेत 10 -15 लोग घायल हुए हैं।

 

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News