उदयपुर में ‘वन स्टॉप सेंटर’ भवन का शिलान्यास, महिलाओं को एक छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया एवं ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने शनिवार को जिले में वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र) के भवन निर्माण का शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने बताया कि केंद्र का निर्माण केंद्र सरकार के सहयोग से कराया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य संकट में फंसी महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के शिलान्यास को महिला सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उपस्थित महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
शिलान्यास समारोह के दौरान विधायक फूल सिंह मीणा महिलाओं को संबोधित करते हुए महिला हिंसा की रोकथाम एवं उनके कल्याणपरक योजनाओं के क्रियान्वयन तथा गरीब, पीडित महिलाओं को इस केन्द्र एवं उसकी कार्यप्रणाली के प्रचार प्रसार व विशेषकर महिलाओं को जानकारी दिये जाने का आग्रह किया।
उप निदेशक (महिला अधिकारिता) ने बताया कि नए भवन में पीड़ित महिलाओं और उनके बच्चों के लिए 10 दिनों तक के अस्थायी आश्रय की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही परिसर में ही मेडिकल सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक काउंसिलिंग और पुलिस सहायता कक्ष बनाए जाएंगे, ताकि पीड़ित महिला को अलग-अलग विभागों के चक्कर न काटने पड़ें।
यह केंद्र पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें अदालती कार्यवाही के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा भी जोड़ी जाएगी। उप निदेशक बताया कि जिले में वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में यह केन्द्र सफलतापूर्वक संचालित हैं और अब तक 1250 से अधिक महिलाओं को मदद पहुंचा चुके हैं। नए केंद्र के बन जाने से स्थानीय स्तर पर महिलाओं को आपातकालीन स्थितियों में तुरंत और प्रभावी सहायता मिल सकेगी।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र के परामर्शदाताओं द्वारा घरेलु हिंसा से रोकथाम सम्बन्धी जीवन्त नाटिका का मंचन किया। साथ ही उपस्थित महिलाओं एवं द्वारा अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के उपरान्त वन स्टॉप सेन्टर व उसकी सेवाओं के साथ महिला सुरक्षा सलाह केन्द्र सम्बन्धी ब्रोशर का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में सार्वजनिक निर्माण विभाग से निशा व्यास एवं अम्बर फातिमा एवं महिला अधिकारिता से सुपरवाईजर, वन स्टॉप सेन्टर की टीम एवं परामर्शदाता, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र, आंगनवाडी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
