जिला प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज

संक्षिप्त व सादगीपूर्वक मनेगा जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

 | 
कलक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

उदयपुर, 25 जनवरी 2021। गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह मंगलवार 26 जनवरी को गांधी ग्राउण्ड में उत्साह के साथ मनाया जाएंगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी एवं परिवहन व सैनिक कल्याण मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

जिला कलक्टर चेतन देवड़ा ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप कोरोना की स्थिति को देखते हुए इस बार का समारोह संक्षिप्त, गरिमामय एवं सादगीपूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9.05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात राष्ट्रगान व परेड निरीक्षण होगा। सुबह 9.15 बजे महामहिम राज्यपाल का संदेश पठन किया जाएगा। 9.25 बजे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जागरूकता पर आधारित झांकी निकाली जाएगी। कार्यक्रम का समापन 9.35 बजे राष्ट्रगान के साथ होगा। जिला स्तरीय समारोह के दौरान राज्य सरकार के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से प्राप्त कोरोना जागरूकता आधारित जिंगल्स एवं ओडियो क्लिप का प्रसारण किया जाएगा।

कलक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

जिला कलक्टर चेतन देवड़ा ने सोमवार को जिला स्तरीय समारोह स्थल गांधी ग्राउण्ड का अवलोकन किया। उन्होंने वहां आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कोरोना के दृष्टिगत सामाजिक दूरी की पालना सुनिश्चित करते हुए बैठक व्यवस्था में अपेक्षाकृत दूरी निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रत्येक आगन्तुक मास्क पहनकर ही कार्यक्रम स्थल पर आना सुनिश्चित करें और यहां आने वालों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग व सेनीटाईजर की व्यवस्था की जावें।

कलक्टर ने समारोह स्थल पर बनने वाले विभिन्न ब्लॉक्स, आगमन-प्रस्थान, बैठक व फर्नीचर व्यवस्था, मैदान की सफाई, माइक, यातायात व्यवस्था, डेकोरशन, विद्युत व्यवस्था, फायर बिग्रेड, एम्बुलेंस आदि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान गिर्वा एसडीएम डॉ. सौम्या झा, एडीएम सिटी अशोक कुमार, एडीएम प्रशासन ओ.पी.बुनकर एडीएसपी गोपालस्वरूप मेवाड़ा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News