निगम आयुक्त ने किया शहर के STP का निरीक्षण
उदयपुर 18 अप्रैल 2026 । उदयपुर में आयड नदी किनारे स्थित विभिन्न क्षमताओं के एसटीपी (Sewage Treatment plant) का निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा सघन निरीक्षण किया गया, इस दौरान उनके साथ अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता अखिल गोयल, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा आदि उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहर की आयड नदी को दूषित पानी से मुक्त करने के उद्देश्य से कारजाली हाउस, एकलिंगपुरा एवं एफसीआई गोडाउन आदि स्थानों पर नगर निगम एवं हिंदुस्तान जिंक के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न क्षमताओं के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया गया। यह प्लांट शहर की सीवरेज लाइन से निकलने वाले प्रदूषित पानी को साफ कर इसका पुनः उपयोग करते हुए शेष पानी को आयड नदी में छोड़ा जाता है। इन्हीं की कार्य प्रणाली की जांच हेतु तीनों प्लांट का निरीक्षण किया गया।
जल्द हो कारजली हाउस प्लांट की मरम्मत
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना सर्व प्रथम करजाली हाउस एसटीपी पहुंचे। जहां प्लांट के क्षतिग्रस्त होने पर मरम्मत कार्य संपन्न किया जा रहा था। आयुक्त ने होने वाले कार्यों को जल्द से जल्द संपन्न कर प्लांट को सुचारु करने के निर्देश दिए। यह प्लांट 5 एमएलडी सीवरेज पानी का ट्रीटमेंट करता है। वर्तमान में यहां से दूषित पानी अन्य संयंत्र तक भेज ट्रीट किया जा रहा है। आयुक्त उसके बाद एकलिंग पूरा स्थित एसटीपी पहुंचे जहां पर 20 एवं 25 एमएलडी क्षमता के दो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए हुए है। यहां पर आयुक्त ने कार्यरत इंजीनियरों से पंपिंग स्टेशन की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। स्टेशन पर अलग अलग समय में आने वाले पानी की मात्रा को संयंत्र में कैसे ट्रीटमेंट किया जाता है और उसका पुनः उपयोग करते हुए शेष साफ पानीं को नदी में कैसे छोड़ा जाता है उसके बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद आयुक्त ने एफसीआई गोडाउन पर स्थित 10 एमएलडी प्लांट का निरीक्षण कर संपन्न होने वाली प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
रिकॉर्ड संधारण में सुधार को लेकर दिए निर्देश
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने तीनों प्लांट का निरीक्षण पर वहां होने वाली प्रक्रिया को कर्मचारियों द्वारा ऑफलाइन एवं ऑनलाइन रिकॉर्ड में कैसे संधारण किया जाता है, उसके बारे में जानकारी प्राप्त कर उसे और अधिक व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी दस्तावेज में सभी प्रक्रियाओं की गणना को समय के साथ सुचारू रूप से लिखने के निर्देश दिए, निरीक्षण के दौरान जिससे कोई भी अधिकारी रिकॉर्ड देखकर ही जानकारी प्राप्त कर सके।
स्काडा सिस्टम को लेकर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई प्लांट्स पर स्काडा सिस्टम पूर्ण रूप से अपडेट नहीं है। इस पर आयुक्त अभिषेक खन्ना ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इस संबंध में निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हुई है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि स्काडा सिस्टम को तत्काल प्रभाव से अपडेट किया जाए तथा इसका एक्सेस नगर निगम को भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि निगम कार्यालय से ही सभी प्लांट्स की दैनिक कार्यप्रणाली, जल शोधन की स्थिति एवं अन्य तकनीकी जानकारी की निगरानी ऑनलाइन की जा सके।
#Udaipur #Rajasthan #UdaipurNews #SmartCityUdaipur #STP #WaterTreatment #AydRiver #CleanUdaipur #UrbanDevelopment #RajasthanNews #HindustanZinc #EnvironmentProtection #LocalNewsUdaipur
