Udaipur Times, UMC Election 2026: नगर निकाय चुनाव- 2026 को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रशासन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन को लेकर माइक्रो लेवल पर प्लानिंग करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। मतदान केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों पर मोबाइल के साथ प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा।
मतदान एवं मतगणना केंद्र में फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी प्रतिबंधित
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र तथा मतगणना केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिकृत प्राधिकार पत्र धारी मीडियाकर्मी मतदान केंद्र के बाहर की गतिविधियों की कवरेज कर पाएंगे।
मतदाता सहायता केंद्रों की होगी स्थापना
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राठौड़ ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी नगर निकायों में स्थित मतदान केंद्रों पर मतदाता सहायता केंद्रों की स्थापना की जाएगी। इसमें मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम, क्रमांक एवं भाग संख्या की जानकारी उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी। मतदाता सहायता केंद्र के प्रभारी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी होंगे।