दिल्ली गेट पर अब नहीं भरेगा पानी, 2 फीट और चौड़ा होगा नाला

16 लाख की लागत से निर्मित होगा नाला
 | 
delhi gate

उदयपुर 11 सितंबर 2024। दिल्ली गेट पर जल्द ही पानी भराव की समस्या से निजात मिलने वाली है। मंगलवार से पुराने नाले को तोड़ कर उसे चौड़ा करने के कार्य का भूमि पूजन शहर विधायक ताराचंद जैन एवं उप महापौर पारस सिंघवी द्वारा किया गया।

नगर निगम निर्माण समिति अध्यक्ष सीए आशीष कोठारी ने बताया कि कई समय से दिल्ली गेट पर वर्षा काल में पानी भरने की समस्या हो रही थी, इस समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने कई बार महापौर गोविंद सिंह टॉक के समक्ष अपनी समस्या रखी, जिस पर महापौर ने दिल्ली गेट कल्याण ज्वेलर्स से श्रमजीवी महाविद्यालय के सामने तक बने नाले को और अधिक चौड़ा कर उसके पुनर्निर्माण करने के आदेश दिए। 

सड़क भी होंगी चौड़ी

दिल्ली गेट पर निर्मित होने वाले नाले को सड़क लेवल के अनुसार बनाया जाएगा जिससे कल्याण ज्वेलर्स के बाहर घुमाव पर अब रोड तीन से चार फीट और अधिक चौड़ा हो जाएगा जिससे यातायात व्यवस्था में भी सहायक होगा। वर्तमान में यहां नाला 1 से 2 फीट सड़क लेवल से ऊपर है जिसको नीचा कर सड़क लेवल तक किया जाएगा।

शहर विधायक उप महापौर ने किया भूमि पूजन

नगर निगम निर्माण समिति अध्यक्ष सीए आशीष कोठारी ने बताया कि दिल्ली गेट कल्याण ज्वेलर्स से श्रमजीवी महाविद्यालय के सामने तक नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को शहर विधायक ताराचंद जैन एवं उप महापौर पारस सिंघवी द्वारा किया गया। इस दौरान निगम पार्षद लोकेश गौड़ , मदन दवे, डॉ शिल्पा पामेचा, विजय आहूजा, रामजी साहू,  सुनील व्यास, दीपक वसीटा आदि समाजसेवी भी उपस्थित रहे। नाले का निर्माण नगर निगम द्वारा 16.57 लाख रुपए की लागत से करवाया जा रहा है। नाला कार्य संपूर्ण होने के पश्चात देहली गेट पर पानी भरने की समस्या से निजात मिलेगी। यह कार्य एक माह में संपूर्ण किया जाएगा।

अशोकनगर जैसे धस सकता था नाला

नगर निगम निर्माण समिति अध्यक्ष सीए आशीष कोठारी ने बताया कि यह नाला बहुत पुराना हो चुका है। अशोकनगर जैसे इस नाले के भी धसने की संभावना हो रही थी। इसको लेकर महापौर ने जल्द ही इस कार्य को संपूर्ण करने की निर्देश दिए हैं। निर्देश की पालना में मंगलवार से कार्य प्रारंभ कर दिया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News