पंचायत चुनाव बैठक में अनुपस्थित प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को जारी होंगे नोटिस
Udaipur Times, Udaipur Panchayat Chunav 2026: उदयपुर मे पंचायतीराज चुनाव-2026 के मद्देनजर निर्वाचन संबंधी पोस्टर, पर्चे, पुस्तिकाओं एवं अन्य मुद्रित सामग्री के प्रकाशन एवं मुद्रण को लेकर जिला प्रशासन ने प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के निर्देशन में तथा एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में प्रिंटिंग प्रेस मुद्रकों की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को बताया गया कि निर्वाचन सामग्री का मुद्रण करते समय संबंधित मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम-पता स्पष्ट रूप से अंकित किया जाना आवश्यक है। निर्वाचन पुस्तिका, पोस्टर अथवा अन्य सामग्री के मुद्रण से पूर्व प्रकाशक से निर्धारित घोषणा-पत्र प्राप्त करना होगा। मुद्रित सामग्री की प्रतियां एवं घोषणा-पत्र निर्धारित समयावधि में संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार किसी भी निर्वाचन पुस्तिका अथवा पोस्टर के मुख्य पृष्ठ पर उसके मुद्रक और प्रकाशक का नाम एवं पता अंकित किए बिना उसका मुद्रण अथवा प्रकाशन नहीं किया जा सकेगा। साथ ही ऐसी सामग्री का मुद्रण नहीं किया जाएगा, जिससे किसी अभ्यर्थी या राजनीतिक दल के निर्वाचन को प्रभावित अथवा प्रतिकूल रूप से प्रभावित करने का प्रयास हो।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन सामग्री के मुद्रण से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन गंभीरता से लिया जाएगा। नियमों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित मुद्रक एवं प्रकाशक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रशासन की ओर से लतिका पालीवाल, डॉ महामायाप्रसाद चौबीसा भी उपस्थित रहे।
अनुपस्थितों को नोटिस, औचक जांच भी
एडीएम ओझा ने बैठक में अनुपस्थित रहे प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार-बार सूचना के बावजूद संचालक बैठक में आते नहीं हैं और नियमों की अवहेलना करते हैं। उन्होंने टीम को हाल ही संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों के बैनर-पोस्टर्स का सघन निरीक्षण कर उनके प्रशासन में नियमों की अवहेलना करने वाले प्रकाशकों-मुद्रकों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की अवधि के दरम्यान सभी प्रिटिंग प्रेस के औचक निरीक्षण की भी बात कही।