अब हर महीने निकाल सकेंगे PF का पैसा, मिनिमम बैलेंस लिमिट घटकर 10% हुई, जानें EPFO मे हुए महत्वपूर्ण बदलाव

 | 
EPFO New Rules

 

Udaipur Times, EPFO Rules: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की गुरुवार 19 नवंबर को हुई बैठक में करोड़ों PF खाताधारकों को बड़ी राहत देते हुए रिटायरमेंट के बाद PF का पैसा एक साथ निकालने के बजाय हर महीने, तीन महीने या सालाना किस्तों में निकालने की सुविधा को मंजूरी दे दी है।

इसे सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) कहा जाता है। इसके अलावा PF खाते में मिनिमम बैलेंस रखने की सीमा 25% से घटाकर 10% कर दी गई है। वहीं, नौकरी छूटने के बाद पूरा PF का पैसा निकालने के लिए अब एक साल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब सिर्फ 2 महीने ही इंतजार करना पड़ेगा।  हालांकि पेंशन फंड (EPS) की अंतिम निकासी के लिए 36 महीने की न्यूनतम इंतजार अवधि में बदलाव नहीं किया गया है।

EPFO ने रिटायरमेंट के बाद PF का पैसा किस्तों में निकालने की सुविधा यानी सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दी है। अभी तक कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने PF खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकाल सकते थे। लेकिन नई सुविधा के तहत अब वे अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने, तीन महीने या साल में एक बार पैसा निकाल सकेंगे।

इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि PF खाते में बची हुई रकम पर ब्याज मिलता रहेगा। यानी खाताधारक को नियमित आमदनी भी होती रहेगी और उसकी बची हुई रकम भी बढ़ती रहेगी।

सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) ऐसी सुविधा है, जिसमें निवेशक अपने जमा पैसे में से एक तय रकम नियमित अंतराल पर निकाल सकता है। बाकी पैसा निवेश में बना रहता है और उस पर रिटर्न मिलता रहता है।

उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी के PF अकाउंट में रिटायरमेंट के समय 50 लाख रुपये जमा हैं, तो वह पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय हर महीने कुछ पैसा निकाल सकता है। बाकी रकम पर EPFO के तय ब्याज के हिसाब से कमाई जारी रहेगी।

EPFO ने PF खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की शर्त भी आसान कर दी है। पहले कर्मचारियों को अपने PF खाते में कम से कम 25% रकम रखनी पड़ती थी। अब इसे घटाकर 10% कर दिया गया है। इसका मतलब है कि 55 साल तक की उम्र वाले कर्मचारी जरूरत पड़ने पर अपने PF खाते में जमा रकम का 90% तक निकाल सकेंगे। पहले यह सीमा 75% तक थी।

EPF में जमा पैसा कर्मचारी जरूरत पड़ने पर निकाल सकते हैं। इसके लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अलग-अलग नियम बनाए हैं। मेडिकल खर्च, बच्चों की पढ़ाई, शादी और मकान खरीदने जैसी जरूरतों के लिए पीफ का कुछ पैसा निकाला जा सकता है। वहीं, रिटायरमेंट, स्थायी दिव्यांगता और नौकरी छूटने जैसी स्थितियों में पूरा पैसा निकालने की सुविधा है।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News