शहर की सुंदरता में बाधा बन रहे पुराने BSNL के खंभे हटेंगे

 | 
BSNL Pole Removed from udaipur City

 

 

Udaipur Times, Udaipur News: झीलों की नगरी उदयपुर की सुंदरता को निखारने और शहर की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से अनुपयोगी पड़े बीएसएनएल के पुराने टेलीफोन खंभों को हटाने तथा हवा में झूल रही तारों को भूमिगत करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में महापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में नगर निगम में बीएसएनएल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में बीएसएनएल के पुराने खंभे लंबे समय से बिना किसी उपयोग के खड़े हैं। कई स्थानों पर ये खंभे जर्जर एवं टेढ़े-मेढ़े हो चुके हैं, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे अनुपयोगी खंभों को लंबे समय तक सड़क किनारे छोड़ना उचित नहीं है।

महापौर सिंघवी ने बीएसएनएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरकोट क्षेत्र में स्थित सभी अनुपयोगी खंभों को हटाने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि उदयपुर की पहचान उसकी सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और व्यवस्थित शहरी स्वरूप से है। ऐसे में शहर के सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक खंभों एवं बेतरतीब तारों का बने रहना उचित नहीं है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

सभी खंभे हटाने के बाद ही अगले चरण की अनुमति

बैठक में बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में जारी अनुमति के तहत एक क्षेत्र में फाइबर लाइन बिछाने के बाद उस क्षेत्र के सभी खंभे हटाकर ही अगले क्षेत्र में फाइबर लाइन बिछाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, तकनीकी दृष्टि से पूरे शहरकोट क्षेत्र में फाइबर लाइन बिछाने के बाद खंभों को एक साथ हटाना तकनीक रूप से सही बताया गया। इस पर चर्चा के बाद सहमति बनी कि बीएसएनएल को एक साथ फाइबर लाइन बिछाने की अनुमति इस शर्त पर दी जा सकती है कि कार्य पूरा होने के बाद शहरकोट क्षेत्र के सभी खंभे हटा दिए जाएं।

हवा में झूलती तारों को भूमिगत करने पर जोर

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने भी शहर की सुंदरता और व्यवस्थित विद्युत एवं संचार व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में जहां भी तारें हवा में झूल रही हैं, उन्हें व्यवस्थित करते हुए भूमिगत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप बेहतर बनाया जा सके। जिन स्थानों पर विभाग द्वारा लाइनें पहले ही भूमिगत की जा चुकी हैं, वहां शेष रह गए अनुपयोगी खंभों को भी तत्काल हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में महापौर ने आयुक्त के साथ चर्चा कर अधिनस्थ अधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बीएसएनएल अधिकारियों से अविलंब समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करवाने के निर्देश दिए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News