उदयपुर डाक विभाग में फ्रेंचाइजी के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 नवंबर तक

स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं की बुकिंग सहित पिकअप की सुविधा भी मिलेगी

 | 
Indian Post Franchises

 

Udaipur Times, Postal Franchises:  भारतीय डाक विभाग की ओर से डाक सेवाओं का विस्तार करने और आमजन को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उदयपुर मंडल में डाक फ्रेंचाइजी संचालक बनने के इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के तहत उदयपुर शहर में फ्रेंचाइजी संचालकों के माध्यम से स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं की बुकिंग के साथ ही डाक सामग्री के संग्रहण एवं पिकअप की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। डाक मण्डल के प्रवर अधीक्षक ने बताया कि फ्रेंचाइजी के माध्यम से स्पीड पोस्ट दस्तावेज, स्पीड पोस्ट पार्सल, इंडिया पोस्ट पार्सल (खुदरा एवं अनुबंधित), अंतरराष्ट्रीय ईएमएस और अंतरराष्ट्रीय ट्रैक्ड पैकेज सेवा की बुकिंग की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय डाक सामग्री और ऑनलाइन बुक की गई डाक सामग्री के संग्रहण की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। 
ये हैं पात्रता की शर्तें फ्रेंचाइजी के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु आवेदन की तिथि पर न्यूनतम 18 वर्ष होनी चाहिए तथा किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी को कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान, स्थानीय भाषा और अंग्रेजी का ज्ञान होना चाहिए। आवेदनकर्ता के पास पैन कार्ड, आधार कार्ड और बैंक खाता होना अनिवार्य है। फ्रेंचाइजी संचालन के लिए न्यूनतम 50 वर्गफुट क्षेत्रफल का स्थायी स्थान होना चाहिए। इसके साथ ही कंप्यूटर अथवा स्मार्टफोन (4जी/5जी), प्रिंटर, स्कैनर और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन की उपलब्धता आवश्यक है। दुकान होने की स्थिति में 10 हजार रुपए की सुरक्षा राशि राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र, किसान विकास पत्र, सावधि जमा अथवा बैंक गारंटी के रूप में जमा करानी होगी। डाक विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के निकट संबंधी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। इस तरह करें ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय डाक विभाग के ग्राहक सेवा पोर्टल https://app.indiapost.gov.in/customer-selfservice/login पर जाकर स्वयं का पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद होम विकल्प में रजिस्टर्ड सर्विसेज, एड एडिशनल सर्विसेज और रजिस्टर फॉर फ्रेंचाइजी ऑपरेटर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी प्रवर अधीक्षक डाकघर, उदयपुर मंडल के कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 9.30 से शाम 6 बजे तक संपर्क कर सकते है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News