सलूंबर में अवैध क्लिनिकों पर चलेगा “ऑपरेशन शटर डाउन”

झोलाछाप डॉक्टरों पर होगी सख्त कार्रवाई
 | 
Students participate in Tribal Pride Year celebrations on Birsa Munda Jayanti in Salumbar

सलूंबर 6 मई 2026। ज़िला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने आदेश जारी कर ज़िले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिना वैध पंजीकरण एवं आवश्यक योग्यता के अवैध क्लिनिक, फार्मेसी, आयुर्वेदिक व एलोपैथिक केंद्र, सोनोग्राफी तथा एक्सरे सेंटर संचालित होने की शिकायतें प्राप्त होने के बाद ज़िला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। 

आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कथित झोलाछाप चिकित्सकों एवं अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “ऑपरेशन शटर डाउन” अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

अभियान के तहत जिला स्तर पर संपूर्ण कार्रवाई की जिम्मेदारी अतिरिक्त ज़िला कलक्टर, सलूंबर को सौंपी गई है, जबकि प्रत्येक उपखण्ड स्तर पर उपखण्ड अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त प्रवर्तन टीम का गठन किया जाएगा।

संयुक्त टीम में खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर एवं औषधि निरीक्षक, संबंधित पुलिस अधिकारी, राजस्व विभाग के प्रतिनिधि, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विकास अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्रों के लिए नगर परिषद के आयुक्त/अधिशाषी अधिकारी शामिल रहेंगे।

अभियान के दौरान बिना डिग्री एवं पंजीकरण के क्लिनिक संचालित करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर संस्थान को तत्काल सील किया जाएगा। साथ ही फार्मेसी एवं ड्रग स्टोर पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और लाइसेंस की जांच की जाएगी। सोनोग्राफी एवं एक्सरे केंद्रों पर पीएनडीटी एक्ट सहित अन्य सुरक्षा मानकों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित कराई जाएगी।

ज़िला प्रशासन ने आमजन से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। कोई भी नागरिक अवैध चिकित्सा गतिविधियों की सूचना जिला कंट्रोल रूम 02906-294900 पर दे सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के तहत की गई कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट “ऑपरेशन शटर डाउन” सेल को भेजी जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

#SalumbarNews #RajasthanNews #UdaipurRegion #HealthcareSafety #QuackDoctors #IllegalClinics #OperationShutterDown #MedicalCrackdown #PNDTAct #PublicHealthIndia #DrugInspection #RajasthanUpdates

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News