Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर जिला विधिक माप विज्ञान एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से जिले में चलाए जा रहे पांच दिवसीय विशेष अभियान के तहत बुधवार को मिठाई प्रतिष्ठानों एवं पैक्ड वस्तुओं की पैकेजिंग संबंधी जांच की गई। अभियान 2 से 6 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान लक्ष्मीवाले स्वीट्स एंड नमकीन, राजशाही स्वीट्स एवं राजमल फूड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान पैक्ड वस्तुओं की लेबलिंग, पैकेजिंग पंजीकरण प्रमाण पत्र, इलेक्ट्रॉनिक कांटों का सत्यापन, अंकित मूल्य, मात्रा एवं अनिवार्य घोषणाओं सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान पैकेजिंग पंजीकरण एवं वजन के लिए उपयोग में लिए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटों का सत्यापन नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर कुल 25,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा एवं पैक्ड वस्तुओं पर निर्धारित घोषणाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।