Udaipur Times, Udaipur Panchayat Chunav 2026: उदयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी बुधवार 21 अक्टूबर को होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि प्रथम चरण में झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर, गिर्वा, ओगणा, भीण्डर, नाई, मावली, घासा पंचायत समितियों के लिए मतदान दल रवाना होंगे।
मतदान दलों की रवानगी के दिन अंतिम प्रशिक्षण सुबह 8 बजे से आयोजित होगा। प्रशिक्षण के लिए राजस्थान कृषि महाविद्यालय तथा पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्रशिक्षण स्थलों पर संबंधित प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को मतदान दलों की उपस्थिति, प्रशिक्षण, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन सामग्री वितरण के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया एवं उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पहले चरण में 22 अक्टूबर गुरुवार को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन हेतु मतदान होगा वहीं पंच सरपंच हेतु शनिवार 24 अक्टूबर को मतदान होगा।
प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर होगी सख्त कार्यवाही
जिला निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने निर्वाचन ड्यूटी में नियोजित कार्मिकों की अंतिम प्रशिक्षण में उपस्थित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वालों कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
चुनाव सामग्री वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर
मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण एवं रवानगी स्थलों पर पंचायत समिति वार अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इन काउंटरों पर ईवीएम, निर्वाचन सामग्री, स्टेशनरी तथा अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा। प्रत्येक मतदान दल को निर्धारित काउंटर से सामग्री प्राप्त करने तथा उसकी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। सामग्री वितरण के दौरान संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी मतदान दल को आवश्यक सामग्री के अभाव में परेशानी नहीं हो।
मतदान दलों की रवानगी के लिए वाहन व्यवस्था
मतदान दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को आवंटित वाहनों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। वाहन प्रकोष्ठ को मतदान दलों के लिए आवश्यक वाहन उपलब्ध कराने तथा पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।