तीन पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 21 को

मतदान वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित

 | 
election

उदयपुर 20 अगस्त 2025। पंचायत उपचुनाव- 2025 के तहत जिले की तीन पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य के 3 रिक्त पदों पर निर्वाचन के लिए मतदान प्रक्रिया 21 अगस्त को होगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी नमित मेहता के निर्देशन में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान दिवस पर संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की गई है।

पंचायत उप चुनाव के तहत उदयपुर जिले की पंचायत समिति खेरवाड़ा में पंचायत समिति सदस्य वार्ड संख्या 12, झाड़ोल में वार्ड संख्या 2 एवं सायरा में वार्ड संख्या 6 के लिए 21 अगस्त को मतदान होगा। इसके लिए बुधवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देकर अपने-अपने आवंटित क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया संपादित कराने के लिए रवाना किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने एक आदेश जारी कर मतदान वाले क्षेत्रों में 21 अगस्त का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह आदेश खेरवाड़ा पंचायत समिति में ग्राम पंचायत खेरवाड़ा, झाड़ोल में गेजवी, पीलक एवं कितावतों का वास तथा सायरा में ग्राम पंचायत चित्रावास, कुंडलादास, विस्मा, कडेज आंशिक में प्रभावी रहेगा। साथ ही संबंधित क्षेत्र में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कामगारों को मताधिकार का उपयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश प्रदान करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News