उदयपुर के खेरवाड़ा, ऋषभदेव, कल्याणपुर और नयागांव पंचायत समिति क्षेत्रों में हुआ मतदान
Udaipur Times, Udaipur Panchayat Chunav 2026: पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय और उदयपुर जिले में मतदान के अंतिम चरण के तहत मंगलवार को जिले की चार पंचायत समितियों खेरवाड़ा, ऋषभदेव, कल्याणपुर एवं नयागांव में मतदान हुआ।
लोकतंत्र के उत्सव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। गांव की सरकार चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की रेलमपेल रही। युवाओं से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कई मतदान केंद्रों पर देर शाम तक मतदान का सिलसिला जारी रहा।
तृतीय चरण में जिला परिषद के 8 वार्डों के 24 प्रत्याशियों तथा पंचायत समिति सदस्य के 62 वार्डों के 214 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया। मतदान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आईं।
मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और उत्साह का माहौल रहा। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवा मतदाताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। वहीं बुजुर्ग मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने में पीछे नहीं रहे। कई बुजुर्गों ने परिजनों के सहयोग से मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। महिलाओं ने भी घरेलू जिम्मेदारियों के बीच समय निकालकर मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाई। दिव्यांग मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
दिन चढ़ने के साथ बढ़ा मतदान
मतदान केंद्रों पर मंगलवार सुबह गुलाबी ठण्ड के बीच मतदान का क्रम प्रारंभ हुआ। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गर्मी के आगे गुलाबी ठण्ड बौनी साबित हुई। सुबह से ही मतदाताओं का बूथों की ओर रूख करना प्रारंभ हो गया। सुबह 10 बजे तक 13.37 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसके बाद मतदान की गति में और तेजी आई। दोपहर 1 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 41.73 हो गया। अपराह्न 3 बजे तक 53.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय के बाद भी कतारों में मतदाता मौजूद रहे, जिसके चलते देर शाम तक मतदान जारी रहा।
मतदान के लिए जल्दी घर लौटे प्रवासी
जिले के गुजरात सीमा से लगते इलाकों में हजारों लोग रोजी-रोटी, शिक्षा के सिलसिले में गुजरात जाते हैं। दीपावली पर्व पर अमूमन यह लोग धरतेरस तक घर लौटते हैं, लेकिन इस बार लोकतंत्र का उत्सव मनाने कई लोग दो-तीन दिन पहले ही लौट आए और मंगलवार को मतदान कर अपने कर्तव्य का पालन किया। प्रवासियों के लौटने से गांवों में दीपावली से एक सप्ताह पहले ही दीपावली सा माहौल रहा।
पंच-सरपंच के लिए मतदान 5 को
खेरवाड़ा, ऋषभदेव, कल्याणपुर और नयागांव पंचायत समिति क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के लिए मतदान 5 नवम्बर को होगा। इसमें खेरवाड़ा में 36, नयागांव में 31, ऋषभदेव में 30 तथा कल्याणपुर में 20 ग्राम पंचायतों के कुल 117 सरपंचों और 967 वार्ड पंचों के लिए चुनाव होंगे। पंच-सरपंच की नामांकन प्रक्रिया 4 नवम्बर को होगी।