उदयपुर में पंचायत और निकाय चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में, जानिए कितने मतदाता डालेंगे वोट
Udaipur Times, Udaipur Municipal Elections: उदयपुर ज़िले में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत राज चुनाव को लेकर ज़िला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग आवश्यक तैयारियों में जुटा है। जिले की 20 पंचायत समितियों में कुल 13 लाख 78 हजार 261 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बुधवार को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिले में 20 पंचायत समितियों में 590 ग्राम पंचायतें, 318 पंचायत समिति वार्ड, 4,948 वार्ड तथा 1,593 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल मतदाताओं में 7 लाख पुरुष, 6 लाख 74 हजार 307 महिला एवं 4 तृतीय लिंग (ट्रांसजेंडर) मतदाता शामिल हैं।
पंचायत समितिवार मतदाताओं की संख्या में भिंडर सर्वाधिक 97 हजार 782 मतदाताओं के साथ प्रथम स्थान पर है, जबकि मावली में 94 हजार 509, गोगुंदा में 86 हजार 793, वल्लभनगर में 86 हजार 282, घासा में 85 हजार 061 तथा खेरवाड़ा में 84 हजार 441 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं सलूम्बर (सुलाव) पंचायत समिति में 37 हजार 059 मतदाताओं के साथ सबसे कम मतदाता हैं।
अग्रवाल ने कहा कि उपखंड अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी मतदान केंद्र सुरक्षित एवं मतदान योग्य हो। उन्होंने सभी राजनैतिक दल प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे भी मतदान केंद्रों का अवलोकन कर व्यवस्था संबंधी आवश्यक सुझाव दें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़, भाजपा से मनीष शर्मा, दीपक शर्मा, शांतिलाल जैन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से कौशल नागदा, पंकज पालीवाल, दिनेश दवे, महेंद्र डामोर, आप पार्टी से मोहम्मद हनीफ, राजेश चौहान, बसपा से जगदीश बावरिया, माकपा से राजेश सिंघवी, बाप से पुष्कर लाल मीणा उपस्थित रहे।
मतदाता सूची संशोधन का कार्य जारी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी 20 पंचायत समितियों में मतदाता सूचियां के प्रारूप का प्रकाशन 29 जनवरी को किया गया था, तत्पश्चात 25 फरवरी को अंतिम प्रकाशन कर दिया गया था। इसी प्रकार सभी नगर निकायों की संबंधित मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 24 मार्च से लेकर अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया 8 मई तक पूरी कर ली गई थी। मतदाता सूचियां को अद्यतन किए जाने का कार्यक्रम निरंतर चल रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन की लोक सूचना जारी किए जाने की तिथि से 10 दिन पूर्व तक मतदाता सूची संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों को निस्तारित किया जाएगा। इसी प्रकार नगर निकायों में नाम निर्देशन प्राप्त किए जाने की अंतिम तिथि से 10 दिन पूर्व तक प्राप्त होने वाले आवेदक को निर्धारित किया जा सकेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दल प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि किसी का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना, संशोधित करना, नाम हटाने संबंधी कार्रवाई करना चाहते हैं तो उक्त अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
छह नगर निकायों में 4.72 लाख से अधिक मतदाता
आगामी नगरीय निकाय चुनावों के लिए उदयपुर जिले की छह नगर निकायों में कुल 4 लाख 72 हजार 609 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं के लिए जिले में 516 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के अनुसार जिले में नगर निगम उदयपुर, मावली, वल्लभनगर, भींडर, फतेहनगर- सनवाड तथा कानोड़ नगर निकायों में चुनाव संपन्न होंगे। इन सभी निकायों में कुल 190 वार्ड हैं।
मतदाता आंकड़ों के अनुसार जिले में 2 लाख 37 हजार 935 पुरुष, 2 लाख 34 हजार 655 महिला तथा 19 ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। सबसे अधिक 4 लाख 15 हजार 672 मतदाता नगर निगम उदयपुर क्षेत्र में हैं, जहां 80 वार्डों के लिए 406 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अन्य नगर निकायों में मावली में 8,118 वल्लभनगर में 8,277, भींडर में 13,739, फतेहनगर- सनवाड में 17,473 तथा कानोड़ में 9,330 मतदाता मतदान करेंगे।
