उदयपुर में सखियां सोमवार मेले की तैयारी पूरी, स्टॉल संचालकों के लिए सख्त नियम लागू

 | 
gulab baag udaipur

 

Udaipur Times, Sakhiyan Somwar Mela Udaipur 2026: नगर निगम द्वारा सावन माह के प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले पारंपरिक सखियां सोमवार मेले को इस वर्ष भी पारंपरिक स्वरूप के साथ सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से आयोजित किया जाएगा। मेले में शहर की हजारों महिलाएं अपने परिवारजनों एवं सखियों ,सहेलियों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लेती हैं। 

महिलाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा मेले के दौरान समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए हैं।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सखियां सोमवार मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। मेले में आने वाले स्टॉल संचालकों के लिए आवश्यक नियम एवं व्यवस्थाएं निर्धारित की गई हैं जिनकी पालना सभी स्टॉल संचालकों को अनिवार्य रूप से करनी होगी। नियमों की अवहेलना करने अथवा मेले में अव्यवस्था फैलाने वाले स्टॉल संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निगम आयुक्त ने बताया गया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में दुकानदार एवं स्टॉल संचालक पहुंचते हैं। पूर्व में कई बार स्टॉल संचालकों द्वारा गुलाब बाग में अव्यवस्थित रूप से दुकानें लगाने, दुकानों के आसपास कचरा फैलाने तथा मेला समाप्त होने के बाद सफाई व्यवस्था नहीं करने के कारण उद्यान की व्यवस्था प्रभावित होती रही है। मेले के बाद गुलाब बाग को पुनः व्यवस्थित एवं स्वच्छ करने में नगर निगम को कम से कम दो दिन का समय लगता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष स्टॉल संचालकों को पूर्व से ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्धारित स्थान पर ही लगेगी स्टॉल

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार निर्धारित व्यवस्था के तहत नवलखा महल वाली रोड पर सभी दुकानें एक सीध में व्यवस्थित रूप से लगानी होंगी। प्रत्येक स्टॉल संचालक को अपनी दुकान के बाहर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखना होगा तथा दुकान से निकलने वाले कचरे का निस्तारण उसी डस्टबिन में सुनिश्चित रूप से करना होगा। सभी स्टॉल संचालकों को अपना सामान व्यवस्थित रूप से खाली करने के बाद अपने वाहनों को गुलाब बाग परिसर से बाहर निकालकर निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करना होगा जिससे मेले में आने वाली महिलाओं को कोई समस्या नहीं हो। मेले के संचालन के दौरान गुलाब बाग परिसर में वाहनों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।

निगम आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मेला समाप्त होने के बाद प्रत्येक स्टॉल संचालक को अपने स्टॉल के आसपास फैले कचरे को हटाकर उस स्थान को पूर्व की भाती साफ-सुथरा करना अनिवार्य होगा जिससे अगले दिन प्रातः भ्रमण पर आने वाले शहरवासियों को कोई समस्या नहीं रहे। सफाई व्यवस्था में लापरवाही अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित स्टॉल संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी साथ ही अगली बार वह संचालक गुलाब बाग में स्टॉल हेतु प्रतिबंधित रहेगा।

व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग एवं नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने निगम पुलिस निरीक्षक एवं राजस्व शाखा को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। निगम की टीम द्वारा मेले के दौरान स्टॉलों की व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News