Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर जिले के बागोलिया फीडर का निर्माण उदयसागर बांध की बायीं मुख्य नहर की RD 14.40 किलोमीटर से किया जाना प्रस्तावित है। परियोजना के तहत लगभग 27.615 किलोमीटर लंबाई के फीडर का निर्माण किया जाएगा। फीडर की जल वहन क्षमता 138 क्यूसेक निर्धारित है। इसके माध्यम से बागोलिया बांध के कमांड क्षेत्र के 17 गांवों की लगभग 3676 हैक्टेयर भूमि को सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जयपुर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता जितेन्द्र दीक्षित ने बागोलिया फीडर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निर्माण सामग्री की नियमित जांच के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता दीक्षित ने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों की पूर्ण पालना, निर्माण सामग्री की नियमित जांच और स्वीकृत डिजाइन एवं तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज जैन, अधीक्षण अभियंता गुणवत्ता नियंत्रण एवं सतर्कता वृत्त उदयपुर राजकुमार शर्मा, अधिशाषी अभियंता देवपाल सिंह सुमन, अधिशाषी अभियंता गुणवत्ता नियंत्रण उदयपुर रमेश चौधरी, सहायक अभियंता नितेश नायक, कनिष्ठ अभियंता सहित कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।