उदयपुर में E-Challan सिस्टम पर उठे सवाल

घर में खड़ी गाड़ियों के कटे चालान

 | 
E challan

उदयपुर 11 मई 2026। ज़िले में E-Challan सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के कई वाहन मालिकों को ऐसे E-Challan मिले हैं, जिनमें उनकी गाड़ियां दूसरे जिलों में ट्रैफिक नियम तोड़ती दिखाई गईं, जबकि वाहन उस समय उदयपुर में घर पर खड़े थे।

कलड़वास स्थित रानी जी की बाड़ी निवासी सरकारी टीचर ललिता मेनारिया के नाम पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने ओवरस्पीडिंग का 1000 रुपए का चालान भेजा। चालान में बताया गया कि 23 अप्रैल 2026 को शाम 4:23 बजे उनकी कार जोधपुर में तेज रफ्तार से चल रही थी। जबकि उस समय ललिता स्कूल में पढ़ा रही थीं और उनकी कार घर पर खड़ी थी। उनके पति कैलाश मेनारिया ने बताया कि ई-चालान में जिस कार की तस्वीर लगी है, वह उनकी कार ही नहीं है और उनकी कार की कंपनी भी अलग है।

इसी तरह हिरणमगरी सेक्टर-3 निवासी प्रभुलाल सोमानी को राजसमंद पुलिस की ओर से नो-पार्किंग का चालान मिला। जबकि उनकी गाड़ी उदयपुर में घर के बाहर खड़ी थी। हैरानी की बात यह रही कि चालान में उल्लंघन की तारीख 8 मई सुबह 3:56 बजे की दर्शाई गई, जबकि मैसेज उन्हें 7 मई की शाम को ही मिल गया।

तो वहीं हाल ही में मॉडर्न कॉम्प्लेक्स निवासी व्यवसायी प्रमोद खाब्या की कार का चित्तौड़गढ़ में ओवरस्पीडिंग का चालान काट दिया गया, जबकि उनकी कार उदयपुर में घर की पार्किंग में खड़ी थी। पुलिस ने एक हजार रुपए का चालान जारी किया।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद लोग ई-चालान सिस्टम की सटीकता पर सवाल उठा रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।

#Udaipur #EChallan #TrafficViolation #RajasthanPolice #RoadSafety #UdaipurNews #DigitalTrafficSystem #RajasthanNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News