खेरवाड़ा CHC में राजस्थान का पहला कंगारू मदर केयर लाउंज बनकर तैयार
उदयपुर 29 अगस्त 2025 । जिले के खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में राजस्थान का पहला कंगारू मदर केयर (KMC) लाउंज स्थापित किया गया है। यह यूनिट मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाली एक अभिनव पहल है। ज़िला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में एवं ज़िला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी द्वारा इस पहल को क्रियान्वित किया गया है। आकांक्षी ब्लॉक खेरवाड़ा में इस तरह की पहल ग्रामीण अंचल में माताओं और नवजात शिशुओं को एकीकृत एवं सम्मानजनक देखभाल उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
खेरवाड़ा आकांक्षी ब्लॉक होने के कारण स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सूचकों में सुधार के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। ज़िला प्रशासन के निर्देशन में KMC लाउंज के मॉडल विकास की पहल अप्रैल 2025 में की गई, जो अगस्त 2025 तक एक इनोवेटिव मॉडल के रूप में स्थापित हे चुका है। इसके पश्चात ज़िला परिषद एवं CMHO द्वारा इसे उदयपुर ज़िला के हर CHC और PHC में स्थापित करने का आदेश जारी किया गया।

इससे नवजात एवं मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम को और मज़बूती मिलेगी। इसके साथ ही एएनसी अवधि में ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान कर उन्हें सही देखभाल प्रदान करने की व्यवस्था की जाएगी। इस प्रकार यह पहल आकांक्षी ब्लॉक के मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत बनाने में अहम योगदान देगी।
यह है KMC लाउंज
कंगारू मदर केयर यूनिट जीरो सपरेशन पॉलिसी पर आधारित है, जिसके अंतर्गत माँ और शिशु को अलग न रखकर निरंतर साथ रखने की व्यवस्था की गई है। यह दृष्टिकोण न केवल शिशु के जीवन को सुरक्षित बनाता है बल्कि प्रसवोत्तर अवधि में माताओं को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करता है। इस लाउंज में कमज़ोर वजन अथवा समय से पूर्व जन्मे शिशुओं (1800 से 2500 ग्राम तक) को उनकी माताओं के साथ त्वचा से त्वचा संपर्क (स्किन टू स्किन कॉन्टेक्ट) में रखा जाता है। इससे शिशु का तापमान नियंत्रित रहता है और हाइपोथर्मिया से बचाव होता है। शिशु का वजन तेज़ी से बढ़ता है और स्तनपान की अवधि लंबी होती है। मां और शिशु के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव विकसित होता है। माताओं का अस्पताल में ठहराव बढ़ता है, जिससे जटिलताओं की पहचान और उपचार की संभावना बेहतर होती है।
यह होंगे KMC के संभावित प्रभाव
प्रसव के बाद कमजोर शिशुओं की निरंतर ट्रैकिंग और देखभाल संभव होगी। 1800 से 2500 ग्राम तक के स्थिर नवजात अब खेरवाड़ा CHC पर ही उपचार पा सकेंगे, जिससे दूरस्थ रेफ़रल की आवश्यकता कम होगी। केवल अत्यधिक कम वजन (1800 ग्राम से कम) या बीमार शिशुओं को ही ज़िला स्तरीय SNCU में भेजना होगा। इससे ज़िला अस्पतालों पर भार कम होगा और रेफ़रल घटने से बेड ऑक्युपेंसी दर कम होगी और गंभीर शिशुओं पर अधिक ध्यान दिया जा सकेगा। माताएं प्रसव के बाद अधिक समय तक अस्पताल में रहेंगी, जिससे एक्सक्लूसिव ब्रेस्टफीडिंग और शिशु के वजन की निरंतर निगरानी सुनिश्चित होगी। इसके अलावा यूनिट डॉक्टरों और नर्सों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगी और उनके गर्व की भावना को बढ़ाएगी। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों का विश्वास मज़बूत होगा और उन्हें वीआईपी जैसी देखभाल का अनुभव मिलेगा।
कलक्टर ने विज्ञान भवन दिल्ली में दिया था प्रस्तुतीकरण
आकांक्षी ब्लॉक में की गई इस पहल की ज़िला कलक्टर नमित मेहता ने 17वें सिविल सेवा दिवस पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रस्तुति दी थी। इस पर उसे देश भर से आए अधिकारियों तथा विषय विशेषज्ञों ने सराहा था। युनिट स्थापना के दौरान भी ज़िला प्रशासन की ओर से लगातार मोनिटरिंग की गई। CEO सहित विभागीय अधिकारियों ने समय-समय पर निरीक्षण किए।
इनका कहना ...
“KMC यूनिट खेरवाड़ा CHC को राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर में एक मॉडल हेल्थ फैसिलिटी के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल नवजात शिशुओं की जीवन रक्षा, मातृ स्वास्थ्य सशक्तिकरण और सामुदायिक भरोसे को मज़बूत बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी।” - रिया डाबी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ज़िला परिषद, उदयपुर।
“राजस्थान का पहला KMC लाउंज खेरवाड़ा CHC में बनकर तैयार होना उदयपुर ज़िले के लिए गर्व की बात है। यह पहल न केवल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में सहायक होगी बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करेगी। हमें विश्वास है कि यह मॉडल पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श के रूप में उभरेगा। ज़िला प्रशासन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा।” - नमित मेहता, ज़िला कलक्टर, उदयपुर
#UdaipurNews #RajasthanHealth #KangarooMotherCare #KMC #MaternalHealth #ChildHealthcare #UdaipurDistrict #HealthcareInnovation #AspirationalBlock #GovernmentInitiative
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
