राजसमंद के फियावड़ी स्थित विद्यालय में पेयजल संकट

विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित किया

 | 

राजसमंद 25 फरवरी 2026। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने पर्ची के माध्यम से राज्य सरकार का ध्यान कुंवारिया तहसील के फियावड़ी सड़क ग्राम स्थित राजकीय विद्यालय में उत्पन्न पेयजल संकट की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने विद्यालय की क्षतिग्रस्त भूमिगत पेयजल पाइपलाइन के त्वरित पुनर्स्थापन की मांग की है।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि विद्यालय के लिए पूर्व में फोरलेन मार्ग के नीचे से एक भूमिगत पेयजल पाइपलाइन डाली गई थी, जो विद्यार्थियों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का मुख्य स्रोत थी। हाल ही में प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान की गई गहरी खुदाई से यह पाइपलाइन पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण विद्यालय में जलापूर्ति बाधित हो गई है।

उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका के साथ-साथ शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। विद्यालय प्रशासन द्वारा की जा रही अस्थायी व्यवस्थाएं दीर्घकालिक समाधान नहीं हैं ।

विधायक दीप्ति ने यह भी बताया कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य अभी प्रारंभिक अवस्था में है। यदि निर्माण कार्य के साथ ही क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन को तकनीकी मानकों के अनुरूप पुनः बिछा दिया जाए तो समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है। इससे भविष्य में अनावश्यक खुदाई और अतिरिक्त व्यय से भी बचाव होगा ।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, किंतु विभागीय समन्वय के अभाव में अब तक ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि जलदाय विभाग एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को समन्वित निर्देश जारी कर विद्यालय के लिए नई भूमिगत पेयजल पाइपलाइन का शीघ्र पुनर्स्थापन सुनिश्चित किया जाए तथा तब तक वैकल्पिक सुरक्षित पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े इस विषय पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई आवश्यक है।

#Rajsamand #RajasthanNews #BreakingNews #EducationNews #WaterCrisis #SchoolInfrastructure #PublicIssue #LocalNews #DeeptiKiranMaheshwari #RajasthanMLA #RajasthanPolitics #PublicHealthEngineering #PWD #StateGovernment #RajsamandNews #RajsamandUpdates #Kuanaria #Fiyawadi #RajasthanLocal #UdaipurDivision #RajasthanEducation