राष्ट्रीय वयोश्री योजना में बीपीएल वरिष्ठ नागरिकों को मिलेंगे सहायक उपकरण

बीपीएल वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा संबल

 | 
rashtriya vayoshree Yojna

उदयपुर 24 फरवरी 2024। बीपीएल श्रेणी के वरिष्ठ नागरिकों को संबल प्रदान करने केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय वयोश्री योजना प्रारंभ की गई है। इसके तहत बीपीएल वरिष्ठ नागरिकों को शारीरिक सहायता व सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना के उदयपुर जिले में सुचारू क्रियान्वयन को लेकर जिला परिषद सीईओ कीर्ति राठौड़ ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। बैठक में योजना के नोडल विभाग सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायतीराज के अधिकारी शामिल हुए।

सामाजिक सुरक्षा अधिकारी दिशा भार्गव ने बताया कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत उदयपुर जिले के मावली और वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र चयनित किए गए हैं। इनमें शामिल मावली, वल्लभनगर, भीण्डर, कुराबड़ तथा बड़गांव पंचायत समिति के आंशिक भाग में आंगनवाड़ी कार्मिकों के माध्यम से हर परिवार का सर्वे कराया जाएगा। इसमें बीपीएल वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन को चिन्हित करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। 

योजना में कम दृष्टि, श्रवण हानि, दांतों की हानि ओर लोकोमोटर विकलांगता वाले वरिष्ठ नागरिकों को संबल प्रदान किया जाएगा। सीईओ श्रीमती राठौड़ ने कहा कि योजना वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी हुई हैं, इसलिए सभी संबंधित विभाग संवेदनशीलता से कार्य कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अगले सप्ताह से ही सर्वे कार्य प्रारंभ कराने तथा 15 दिन के भीतर सर्वे पूर्ण कराकर अग्रिम कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News