उदयपुर के देहलीगेट, धानमंडी क्षेत्र के हटाए अवैध अतिक्रमण, दो ट्रैक्टर सामान जब्त

भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के मद्देनजर निगम की अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

 | 
Encroachment Remooval Udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News: 16 जुलाई 2026। भगवान जगन्नाथ स्वामी की गुरुवार को आयोजित होने वाली भव्य रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर नगर निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया है। अभियान के दौरान देहली गेट, घांचीवाड़ा, तीज का चौक तथा धानमंडी क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर सामान जब्त किया गया। Udaipur Encroachment Drive

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने को देखते हुए रथयात्रा मार्ग को पूरी तरह अवरोधमुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर सड़क एवं मार्गों पर रखे गए अवैध सामान, अस्थायी अतिक्रमण तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली सामग्री को हटाया। कार्रवाई का नेतृत्व नगर निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी ने किया। अभियान के दौरान निगम की टीम ने संबंधित दुकानदारों एवं व्यापारियों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश भी दी तथा चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो नियमानुसार जब्ती एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान धानमंडी थाना अधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से रथयात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। Udaipur Encroachment Drive

सड़क पर रखी भट्टी, निगम ने किया जब्त

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार देहलीगेट पर राजलक्ष्मी मिष्ठान भंडार के बाहर सार्वजनिक स्थान पर लोहे की बेंच उपर दो गैस भट्टी में खाने की सामग्री बन रही थी। मुख्य बाजार में प्रतिदिन भारी भीड़ रहती है कभी भी बड़ा हादसा घटित हो सकता था इस कारण निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी द्वारा तुरंत कार्रवाही करते हुए दोनों भट्ठियों को बैंच समेत जब्त किया गया। Udaipur Encroachment Drive

निगम आयुक्त की शहरवासियों से अपील

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों, व्यापारियों एवं आमजन से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान प्रशासन का सहयोग करें तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News