CHC पर RGHS सुविधा के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग
जयपुर 24 फ़रवरी 2026। राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राजस्थान विधानसभा में एक महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने राजस्थान राज्य स्वास्थ्य योजना (RSBY) की सुविधाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर उपलब्ध न होने की गंभीर समस्या की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने इस मुद्दे को जनहित, कर्मचारी कल्याण तथा सुशासन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बताया।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) राज्य सरकार के सेवारत कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त पेंशनरों को गुणवत्तापूर्ण, कैशलेस एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा प्रदान करने हेतु प्रारंभ की गई एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारियों और पेंशनरों को उपचार के समय आर्थिक बोझ या प्रशासनिक जटिलताओं का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि राजसमंद जिले के कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में RGHS के अंतर्गत पंजीकरण, अनुमोदन, उपचार तथा बिल निस्तारण की व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इसके कारण अनेक लाभार्थियों को अन्य संस्थानों या निजी चिकित्सालयों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय एवं धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत कार्मिकों एवं वरिष्ठ पेंशनरों को इस स्थिति से अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक दीप्ति ने कहा कि यदि ब्लॉक स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर योजना की सुविधाएं सुदृढ़ रूप से उपलब्ध नहीं होंगी तो योजना का मूल उद्देश्य आंशिक रूप से ही पूर्ण हो सकेगा। यह विषय केवल चिकित्सा सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासनिक उत्तरदायित्व और सेवा वितरण की दक्षता से भी सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है।
उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि राजसमंद जिले के संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम की सभी आवश्यक प्रक्रियाओं एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए शीघ्र प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनरों को स्थानीय स्तर पर निर्बाध और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
#RGHS #RajasthanGovernmentHealthScheme #RajasthanAssembly #DeeptiKiranMaheshwari #Rajsamand #RajsamandNews #RajasthanNews #HealthcareReform #CHCRajasthan #RuralHealthcare #GovernmentEmployees #PensionersWelfare
