सांसदों ने दीं 6 AC एम्बुलेंस, विधायक मद से बनेगी साइटोलॉजी लैब
DMFT फंड से खरीदे जाएंगे 2.6 करोड़ के जनरेटर सेट
उदयपुर, 25 अप्रैल 2026। रवींद्रनाथ टैगोर (RNT) मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने और रोगियों की सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (RMRS) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत की।
सांसद मद से मिलेंगी 6 नई वातानुकूलित एम्बुलेंस
बैठक के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. राहुल जैन ने एक गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि वर्तमान में मरीजों को एक RNT परिसर मे स्थित एक चिकित्सालय से दूसरे चिकित्सालय मे ले जाने के लिए स्ट्रेचर का उपयोग करना पड़ता है। इससे गर्मी और बरसात के मौसम में मरीजों को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है। मरीजों के हित में त्वरित निर्णय लेते हुए राज्यसभा सदस्य चुन्नी लाल गरासिया ने अपने सांसद मद से 3 वातानुकूलित मारुति ईको एम्बुलेंस देने की घोषणा की। लोकसभा सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने भी चिकित्सालय हित में 3 वातानुकूलित मारुति ईको एम्बुलेंस प्रदान करने की स्वीकृति दी। इन कुल 6 एम्बुलेंसों की अनुमानित लागत लगभग 60 लाख रुपये है, जिससे अस्पताल परिसर के भीतर मरीजों का स्थानांतरण सुरक्षित और आरामदायक हो सकेगा।
विधायक मद और DMFT फंड से बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण
उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने चिकित्सालय में कैंसर और अन्य बीमारियों की जांच के लिए अत्याधुनिक साइटोलॉजी लैब स्थापित करने हेतु अपने विधायक मद से 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन परिस्थितों मे जैसे तेज अंधड़/तूफान/चक्रवात इत्यादि के समय बिजली कटौती के दौरान निर्बाध चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने के लिए डीएमएफटी फंड से 2.6 करोड़ रुपये की लागत से तीन बड़े जनरेटर सेट खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही जिला कलेक्टर कार्यालय भिजवाया जाएगा।
RMRS को भेजे जाएंगे विकास के नए प्रस्ताव
बैठक में चिकित्सालयों की विभिन्न आवश्यकताओं के लिए RMRS को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया, जिनमें मुख्य रूप से रक्तदान को बढ़ावा देने हेतु एक आधुनिक ब्लड डोनेशन बस, हिरण मगरी सेटेलाईट चिकित्सालय के लिए सी.टी. स्कैन मशीन, कार्डियोलॉजी विभाग के लिए विशेष जनरेटर सेट, ऑडिटोरियम हेतु अत्याधुनिक ऑडियो एवं माइक सिस्टम, आदि शामिल हैं। संभागीय आयुक्त सुश्री केवलरमानी ने सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और चिकित्सालयों में स्वच्छता व मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखने के निर्देश प्रदान किए।
यह रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह, महाराणा भूपाल चिकित्सालय, सुपर स्पेशियलिटी, पन्नाधाय चिकित्सालय, टी.बी. चिकित्सालय (बड़ी), सेठ राम विलास भुवालका यक्ष्मा आरोग्य सदन, सेटेलाईट चिकित्सालय (हिरण मगरी) और सुंदर सिंह भंडारी जिला चिकित्सालय (अम्बामाता) के अधीक्षक एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
#Udaipur #RajasthanNews #HealthcareIndia #RNTMedicalCollege #UdaipurNews #HospitalUpdate #MedicalInfrastructure #DMFT #AmbulanceService #PublicHealth #RajasthanGovernment #LocalNewsUdaipur
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
